Hardoi News: लापता ग्राम विकास अधिकारी संदिग्ध हालत में खेत में मिले, लखनऊ जाने की बात आई सामने

यूपी के हरदोई जनपद से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां विकास अधिकारी आखिरकार मिल गया। पूरी घटना के लिए पढ़ें डाइनामाइट न्यूज़ की ये रिपोर्ट

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 7 June 2025, 4:33 PM IST

हरदोईः उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है, जहां जनपद के थाना शाहाबाद क्षेत्र में एक ग्राम विकास अधिकारी के लापता होने के बाद मामले में शनिवार को नया मोड़ आया है। बता दें कि ग्राम सिंधौली थाना बेहटा गोकुल के निवासी सनोज कुमार राठौर (उम्र 28 वर्ष), जो वर्तमान में जनपद शाहजहांपुर में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।

घर नहीं लौटे अधिकारी सनोज कुमार
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि वह बीते दिन 6 जून 2025 को ड्यूटी से वापस अपने घर नहीं लौटे, जिसके बाद परिजनों द्वारा काफी खोजबीन की गई। लेकिन उनका कोई पता नहीं चला और सभी चिंतित हो गए। जिसके बाद परिजनों ने सनोज कुमार की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना शाहाबाद में दर्ज करा दी।

अगली सुबह मिले खेत में
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए खोजबीन शुरू की गई। इसके क्रम में आज 7 जून को सनोज कुमार थाना शाहाबाद क्षेत्र के ग्राम दाउदनगर के बाहर एक खेत में लेटे हुए पाए गए। सूचना पर पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन सहित स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

परिजनों को भ्रमित करने के लिए रचा ये कांड
बता दें कि सनोज कुमार को तत्काल जिला अस्पताल हरदोई ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति सामान्य पाई। उनके शरीर पर किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पूछताछ में सनोज ने बताया कि वे कल शाहजहांपुर न जाकर लखनऊ चले गए थे और घरवालों को भ्रमित करने के लिए शाहजहांपुर जाने की बात कही थी। लखनऊ में वह किसी व्यक्ति से मिलने गए थे।

पुलिस गंभीरता से कर रही है जांच
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वह हर पहलू को ध्यान में रखते हुए गहन जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की करेगी। वहीं परिजन की चिंता अब खत्म हो गई है और विकास अधिकारी के घर में माहौल शांत हो गया है।

Location : 
  • Hardoi

Published : 
  • 7 June 2025, 4:33 PM IST