बंद रास्ते, कंटीले तार और पहाड़ी रास्ता… आखिर प्रतिबंधित लखनियादरी में कैसे पहुंचा युवक? नहाने उतरा और हो गई दर्दनाक मौत

मिर्जापुर के प्रतिबंधित लखनियादरी में वाराणसी के कुछ दोस्तों के साथ एक ऐसा दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने सबको झकझोर दिया है। बंद होने के बावजूद वहां पहुंचे युवकों के साथ क्या खौफनाक मंजर घटा? प्रशासन पर उठते सवालों के बीच जानिए इस सनसनीखेज घटना का पूरा सच।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 June 2026, 3:59 PM IST

Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां पिछले करीब तीन महीनों से बंद पड़े प्रसिद्ध लखनियादरी पर्यटक स्थल में नहाने गए एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, क्षेत्र के प्रतिबंधित होने के बावजूद सैलानियों के अंदर प्रवेश करने को लेकर स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

दोस्तों के साथ वाराणसी से घूमने आया था युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाराणसी के जैतपुरा का निवासी नसीर (पुत्र मतिउर रहमान) अपने कुछ दोस्तों के साथ मिर्जापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र में स्थित लखनियादरी पर्यटक स्थल पर घूमने के लिए आया था। हालांकि, सुरक्षा कारणों से लखनियादरी पर्यटक स्थल पिछले लगभग तीन महीनों से पूरी तरह बंद चल रहा है। इसके मुख्य रास्तों पर ताला लटका हुआ है और चारों तरफ कंटीले तारों की घेराबंदी (तार कसी) की गई है।

Mirzapur News: मिर्जापुर में नंद गोपाल नंदी का विपक्ष पर हमला, जानें क्या बोले कैबिनेट मंत्री

पहाड़ के रास्ते अंदर घुसे थे सैलानी, पैर फिसलने से हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि मुख्य रास्ता बंद होने के बावजूद नसीर और उसके दोस्त कथित तौर पर पहाड़ के गुप्त व दुर्गम रास्ते से होकर प्रतिबंधित क्षेत्र के अंदर दाखिल हो गए। वहां झरने से गिरते पानी को देखकर सभी दोस्त खुद को रोक नहीं पाए और पानी में नहाने उतर गए। नहाने के दौरान अचानक पैर फिसल जाने के कारण नसीर गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते वह पानी में डूब गया।

NDRF की टीम ने बरामद किया शव

नसीर को डूबता देख उसके साथियों ने तुरंत अहरौरा थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को देखते हुए एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को राहत और बचाव कार्य के लिए बुलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद भी एनडीआरएफ की टीम को सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद, सोमवार सुबह दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसके बाद पानी से नसीर का शव बरामद किया जा सका। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Mirzapur: मिर्जापुर में अचानक उठी भीषण आग की लपटें, विकराल रूप देख भागे लोग; जानिये क्या हुआ फिर

सुरक्षा व्यवस्था और वन विभाग पर उठे गंभीर सवाल

इस दर्दनाक हादसे ने स्थानीय पुलिस प्रशासन और वन विभाग की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। जब यह पर्यटक स्थल पिछले तीन महीनों से आधिकारिक रूप से बंद है और रास्ते पर ताला लगा है, तो सैलानी इतनी आसानी से अंदर कैसे प्रवेश कर गए? पहाड़ों के रास्तों पर निगरानी के लिए वन विभाग या पुलिस की तैनाती क्यों नहीं थी? इन सवालों को लेकर अब प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

Location :  Mirzapur

Published :  30 June 2026, 3:59 PM IST