
कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने योग कार्यक्रम में लिया हिस्सा (Img: Dynamite News)
Mirzapur: मिर्जापुर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य आयोजन किया गया। शहर के जीआईसी मैदान, महुवरिया में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में हजारों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। सुबह से ही मैदान में लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। युवा, बुजुर्ग, महिलाएं, छात्र और विभिन्न विभागों के कर्मचारी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ जिले के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग भी उपस्थित रहे। योग दिवस के इस आयोजन की खास बात यह रही कि कोलकाता में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग कार्यक्रम और झांसी में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एलईडी वैन के माध्यम से लोगों को दिखाया गया।
हजारों लोगों ने प्रधानमंत्री का संदेश सुना और योग के महत्व को समझा। इस दौरान उपस्थित लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र की प्रभारी बीके बिंदु दीदी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने मुख्य अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। पूरा आयोजन अनुशासन और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। मंच से लगातार योग के महत्व और इसके लाभों के बारे में जानकारी दी जाती रही। मंत्री आशीष पटेल बोले- योग सिर्फ व्यायाम नहीं, जीवन जीने की कला है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि योग केवल शरीर को फिट रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली संपूर्ण जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे समय में योग मानसिक शांति और आत्मविश्वास बढ़ाने का सबसे प्रभावी तरीका बनकर सामने आया है।
मंत्री ने इस वर्ष की थीम ‘हेल्दी एजिंग’ यानी स्वस्थ बुजुर्गावस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि बढ़ती उम्र के साथ खुद को स्वस्थ रखना आज सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। योग इस चुनौती का प्रभावी समाधान प्रदान करता है। उन्होंने सभी लोगों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि योग भारत की हजारों वर्षों पुरानी परंपरा है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि योग केवल बीमारी दूर करने का साधन नहीं, बल्कि सकारात्मक और संतुलित जीवन जीने का मार्ग है। मड़िहान विधायक रमाशंकर पटेल ने कहा कि बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के बीच योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने का सबसे बड़ा माध्यम है। मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य, छानबे विधायक रिंकी कोल, एमएलसी श्याम नारायण सिंह और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी लोगों को नियमित योग करने का संदेश दिया।
उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित (Img: Dynamite News)
योग प्रशिक्षिका अमृतकला उपाध्याय के निर्देशन में योग प्रोटोकॉल के अनुसार करीब 45 मिनट तक सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। मैदान में मौजूद हजारों लोगों ने एक साथ विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए। इस दौरान पूरा वातावरण ऊर्जा और सकारात्मकता से भर गया। लोगों ने पूरे उत्साह के साथ योग सत्र में भाग लिया और स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान बीके बिंदु दीदी ने उपस्थित लोगों को राजयोग ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मन को शांत और आत्मा को मजबूत बनाने का भी माध्यम है।ध्यान सत्र के दौरान लोगों ने कुछ समय के लिए पूरी तरह शांत होकर आत्मिक शांति का अनुभव किया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया। मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजन से जुड़े विभागों का आभार व्यक्त किया।
केवल जिला मुख्यालय ही नहीं, बल्कि मिर्जापुर की चारों तहसीलों, 12 विकास खंडों, विभिन्न पार्कों, फतहा घाट, चुनार किला और ग्राम पंचायतों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
Location : Mirzapur
Published : 21 June 2026, 1:19 PM IST