मिर्जापुर में रिजल्ट से आहत 18 वर्षीय छात्र ने की आत्महत्या, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम

मिर्जापुर के कछवां क्षेत्र के भैंसा गांव में CBSE 12वीं के रिजल्ट में फेल होने से आहत 18 वर्षीय छात्र ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता बेसुध हो गए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 May 2026, 10:31 AM IST

Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के कछवां थाना क्षेत्र के भैंसा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणाम से आहत एक 18 वर्षीय छात्र ने कथित रूप से फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

रिजल्ट में फेल होने के बाद तनाव में था छात्र

मृतक छात्र की पहचान शिवांश चौबे (18) के रूप में हुई है, जो सीबीएसई बोर्ड से 12वीं कक्षा का छात्र था। परिजनों के अनुसार, बुधवार को सीबीएसई 12वीं का परिणाम घोषित हुआ, जिसमें शिवांश असफल हो गया था। असफलता के बाद वह गहरे मानसिक तनाव में आ गया था।

परिवार के मुताबिक रिजल्ट देखने के बाद वह चुपचाप घर के एक कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों को चिंता होने लगी।

Mirzapur: खाकी पर हमला! ई-रिक्शा विवाद सुलझाने पहुंचे सिपाहियों को भीड़ ने पीटा, चौकी इंचार्ज से भी हाथापाई

कमरे में फंदे से लटका मिला छात्र

परिजनों का कहना है कि जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो शिवांश की मां उसे बुलाने के लिए कमरे के पास पहुंचीं। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर मां ने खिड़की से अंदर झांका तो वह दृश्य देखकर चीख पड़ीं। उनका बेटा चादर के सहारे पंखे के हुक से लटका हुआ था।

मां की चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद परिजनों ने किसी तरह कमरे का दरवाजा तोड़कर शिवांश को नीचे उतारा।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

परिजन आनन-फानन में शिवांश को कछवां स्थित क्रिश्चियन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और माता-पिता बेसुध हो गए। गांव में भी घटना के बाद गहरा शोक और मातम छा गया है।

Mirzapur Accident: तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार को 100 मीटर तक घसीटा… एक ही परिवार के तीन सदस्य की मौत, मची अफरा-तफरी

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलने पर कछवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अमरजीत चौहान ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Location :  Mirzapur

Published :  14 May 2026, 10:31 AM IST