उफनती गड़ई का ‘रेड अलर्ट’: सड़क बनी नदी, थमे पहिये क्या डूबने वाला है पूरा जमालपुर?

मिर्जापुर में नदी का पानी सड़क पर आने से अहरौरा-चकिया मार्ग पर संकट बढ़ गया है। पुल के ऊपर दो फीट से ज्यादा पानी बह रहा है और बांध से 450 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 27 August 2026, 5:18 PM IST

Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में लगातार बारिश के बीच अहरौरा-चकिया मार्ग पर गड़ई नदी का जलस्तर बढ़ने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मदारपुर गांव के पास स्थित पुल के ऊपर बुधवार को दो फीट से अधिक पानी बहता रहा। इससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं, अहरौरा बांध से करीब 450 क्यूसेक पानी गड़ई नदी में छोड़े जाने के बाद जमालपुर क्षेत्र के निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है।

पुल के ऊपर बह रहा दो फीट से अधिक पानी

अहरौरा बांध से पानी की निकासी के चलते गड़ई नदी का जलस्तर बढ़ गया है। मदारपुर गांव के पास पुल के ऊपर दो फीट से ज्यादा पानी बह रहा है। इसके कारण राहगीरों और छोटे-बड़े वाहनों को काफी परेशानी हो रही है। हुसैनपुर जाने वाले मार्ग पर भी पानी भरने से लोगों को तेज धार के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल और मार्ग की स्थिति हर साल बारिश के दौरान ऐसी ही हो जाती है। प्रशासन की ओर से यहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने का भी आरोप लगाया गया है।

Mirzapur: आमघाट ओवरब्रिज निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप; सपा कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन, उच्चस्तरीय जांच की मांग

निर्माणाधीन सुलिस गेट से बढ़ी समस्या

बताया जा रहा है कि अहरौरा मेन कैनाल के सुलिस गेट का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है। इसी वजह से बांध का पानी गड़ई नदी के रास्ते छोड़ा जा रहा है। स्थानीय किसानों और ग्रामीणों का आरोप है कि सुलिस गेट का निर्माण समय से पूरा नहीं होने के कारण बरसात के मौसम में इस तरह पानी की निकासी करनी पड़ रही है।

बांध में 349 फीट पानी

सिंचाई विभाग के मुताबिक बुधवार शाम चार बजे अहरौरा बांध का जलस्तर 349 फीट दर्ज किया गया, जबकि इसकी अधिकतम क्षमता 360 फीट बताई गई है। इसके बावजूद करीब 450 क्यूसेक पानी गड़ई नदी के रास्ते छोड़ा जा रहा है।

पानी की लगातार निकासी से जमालपुर क्षेत्र के निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही है। आसपास के कई गांवों में भी पानी पहुंचने का खतरा बना हुआ है।

Mirzapur: रात में सो रहे थे लोग, अचानक भरभराकर गिरी दीवार, सुबह का मंजर देख कांप उठे ग्रामीण

तेज बहाव के बीच आवागमन

ग्रामीणों का कहना है कि पुल के ऊपर तेज बहाव के बावजूद लोगों को आवागमन करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि मौके पर प्रशासन की ओर से पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। स्थानीय लोगों ने चिंता जताई कि यदि पानी की तेज धार में कोई व्यक्ति संतुलन खो देता है तो बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों का कहना है कि पुल का निर्माण पिछले कई वर्षों से चल रहा है और हर साल बारिश के दौरान उन्हें इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने प्रशासन से पुल और मार्ग की समस्या का स्थायी समाधान कराने तथा पानी के तेज बहाव वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

Location :  Mirzapur

Published :  27 August 2026, 5:18 PM IST