गोरखपुर में हैरान करने वाला मामला, आधी रात को नाबालिग किशोरी को भगा ले गया युवक

गोरखपुर में आधी रात घर से नाबालिग किशोरी को भगाने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 28 June 2026, 7:34 PM IST

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। काफी तलाश के बाद भी किशोरी का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिवार ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

रात में घर से लापता हुई किशोरी

पीड़ित पिता के अनुसार, 25 जून 2026 की रात करीब तीन बजे उनकी नाबालिग बेटी घर से गायब हो गई। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो वह अपने कमरे में नहीं थी। इसके बाद परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। परिजनों का आरोप है कि संतकबीरनगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी संदीप कुमार पुत्र दिलीप राजभर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।

Gorakhpur Crime: घर से निकली 16 साल की किशोरी, फिर जो हुआ उसने पूरे इलाके में मचा दिया हड़कंप

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

काफी खोजबीन के बाद परिजन हरपुर बुदहट थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी संदीप कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने किशोरी की तलाश तेज कर दी है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

बरामदगी की मांग पर अड़े

घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। परिजन किशोरी की सुरक्षित बरामदगी की मांग कर रहे हैं। वहीं, गांव में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।परिजनों का कहना है कि पुलिस जल्द से जल्द कार्रवाई कर उनकी बेटी को सुरक्षित घर वापस लाए।

पुलिस ने जांच तेज की

हरपुर बुदहट थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम लगातार किशोरी की तलाश में जुटी हुई है और संभावित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी और किशोरी की सकुशल बरामदगी के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  28 June 2026, 7:34 PM IST