हिंदी
गोरखपुर में मामूली विवाद मारपीट में बदला
Gorakhpur: शहर के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर तेल लेने पहुंचे ग्राहक और कर्मचारियों के बीच मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। लाइन व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गया। मामले में शाहपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 25 मई की है। वादी पेट्रोल पंप पर वाहन में तेल भरवाने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने वहां लगी रस्सी को पीछे करने की बात कही, ताकि व्यवस्था सुचारु बनी रहे। आरोप है कि इसी बात पर पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों से कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर कर्मचारियों ने गाली-गलौज करते हुए वादी के साथ मारपीट कर दी।
घटना के बाद पीड़ित ने शाहपुर थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर थाना शाहपुर में मुकदमा अपराध संख्या 230/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में टीम गठित की।
पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष शाहपुर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक माधवी सिंह और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमित मद्धेशिया पुत्र रामनिवास मद्धेशिया निवासी गुलरिया बाजार थाना गुलरिहा तथा सतीश साहनी पुत्र राम भवन साहनी निवासी शिवपुर शहबाजगंज पादरी बाजार थाना शाहपुर के रूप में हुई है।
दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352 एवं 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ऑपरेशन कनविक्शन का असर: दुष्कर्म मामले में दोषी को 10 साल की सजा, गोरखपुर कोर्ट का बड़ा फैसला
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक माधवी सिंह, कांस्टेबल नरसिंह यादव और रिजर्व कांस्टेबल राज मिश्रा शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
Location : Gorakhpur
Published : 27 May 2026, 12:27 AM IST