रायबरेली में प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने कानून-व्यवस्था और विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। पीएम आवास, आयुष्मान कार्ड, गोवंश संरक्षण और सड़कों के कार्यों पर विशेष जोर दिया गया।

Raebareli: जिले में कानून-व्यवस्था और विकास योजनाओं की रफ्तार को लेकर प्रशासनिक अमले की आज कड़ी क्लास लगी। उत्तर प्रदेश सरकार में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग विभाग के मंत्री और जनपद के प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ मैराथन समीक्षा बैठक की। बैठक में साफ कहा गया कि किसी भी योजना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और हर पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचना चाहिए।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना की गहन समीक्षा की गई। मंत्री ने निर्देश दिया कि सर्वे में कोई भी पात्र लाभार्थी छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने निराश्रित गोवंश की स्थिति पर भी गंभीरता जताई और निर्देशित किया कि शत-प्रतिशत गोवंशों को आश्रय स्थलों में रखा जाए। गोशालाओं में हरे चारे की पर्याप्त व्यवस्था हो और जरूरत पड़ने पर नए गोवंश आश्रय स्थलों का निर्माण कराया जाए। गोवंश सहभागिता योजना के तहत ज्यादा से ज्यादा लोगों को गोवंश सुपुर्दगी के लिए प्रेरित करने को भी कहा गया।
आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड जल्द से जल्द बनवाए जाएं। किसानों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए मंत्री ने निर्देश दिया कि नहरों में टेल तक पानी पहुंचे ताकि सिंचाई में कोई दिक्कत न हो। साथ ही विद्युत आपूर्ति रोस्टर के अनुसार सुनिश्चित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में जले ट्रांसफार्मर 24 से 48 घंटे में बदलने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में सड़कों के नवीनीकरण और मरम्मत कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने में अब एक माह शेष है, ऐसे में सभी विभाग अपने लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति करें और आवंटित बजट का समय से उपयोग सुनिश्चित करें। आगामी त्योहारों को देखते हुए कानून-व्यवस्था पर भी विशेष चर्चा हुई। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि सभी त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हों, इसके लिए प्रशासन व्यापक इंतजाम सुनिश्चित करे। बैठक में अशोक कुमार, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।