
मेरठ में लड़की के साथ दरोगा ने गलत किया (Image: Pinterest)
Meerut: मेरठ में छात्रा ने एक दरोगा पर भरोसा तोड़ने और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। छात्रा का कहना है कि दरोगा ने पहले दोस्ती की, फिर शादी का वादा कर उसे अपने करीब लाया और बाद में शादी से साफ इनकार कर दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उसने न्याय की मांग की तो दरोगा ने उसे डराने की कोशिश की और कहा कि पुलिस में होने की वजह से उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। छात्रा की शिकायत पर मेरठ के भावनपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामला सामने आने के बाद आरोपी दरोगा फरार बताया जा रहा है।
आरोपों के घेरे में मेरठ मेडिकल थाना क्षेत्र की तेजगढ़ी चौकी पर तैनात दरोगा ललित मोहन राय हैं। वह मूल रूप से रायबरेली के रहने वाले हैं और 2023 बैच के सब-इंस्पेक्टर हैं। तेजगढ़ी चौकी उनकी पहली पोस्टिंग थी। छात्रा ने बताया कि इसी दौरान उसकी मुलाकात दरोगा से हुई थी। पीड़िता शामली जिले की रहने वाली है और मेरठ में एमए की पढ़ाई कर रही है। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही है। छात्रा का कहना है कि सितंबर 2025 में वह चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी में अपनी ग्रेजुएशन की डिग्री लेने पहुंची थी। वहां डिग्री को लेकर परेशानी होने पर उसकी मुलाकात ड्यूटी पर मौजूद ललित मोहन से हुई।
छात्रा का आरोप है कि दरोगा ने उसकी परेशानी देखकर मदद का भरोसा दिलाया और अपना मोबाइल नंबर दिया। उसने कहा कि डिग्री से जुड़ी जानकारी वह उसे बता देगा। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। शुरुआत में बातचीत पढ़ाई और डिग्री से जुड़ी जानकारी तक सीमित थी। पीड़िता ने बताया कि जून 2026 में दरोगा ने उसे प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए कुछ नोट्स देने की बात कही। उसने कहा कि मेरठ आकर नोट्स ले जाए। छात्रा दिल्ली में अपनी बहन के घर थी, जहां से वह मेरठ पहुंची।
छात्रा का कहना है कि देर होने की वजह से दरोगा ने उसे अपने कमरे पर रुकने के लिए कहा। उसने बताया कि फ्लैट में दो कमरे हैं और वह एक कमरे में रह सकती है। भरोसा करके वह वहां चली गई। पीड़िता ने आगे बताया कि कुछ देर बाद दरोगा कमरे में आया और बातचीत के दौरान उसने शादी करने की बात कही। छात्रा का आरोप है कि इसके बाद दोनों के बीच संबंध बने, लेकिन बाद में जब उसने शादी के लिए कहा तो दरोगा पीछे हट गया।
छात्रा ने आरोप लगाया कि जब उसने कार्रवाई की बात कही तो दरोगा ने उसे धमकाया और कहा कि पुलिस में होने की वजह से उसका कुछ नहीं बिगड़ेगा। पीड़िता का दावा है कि बाद में दरोगा ने उसके खाते में 10 हजार रुपये भेजे, जिसे उसने तुरंत वापस कर दिया। छात्रा का कहना है कि इस पूरे मामले के बाद वह और उसका परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहा है। उसे डर है कि आरोपी दरोगा उसके परिवार को नुकसान पहुंचा सकता है। फिलहाल भावनपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी दरोगा की तलाश कर रही है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Meerut
Published : 21 August 2026, 1:07 PM IST