ममता का क्रूर चेहरा, मेरठ के मुरलीपुर गांव में पति से विवाद के बाद पत्थर दिल मां ने ली बेटे की जान

मुंडाली के मुरलीपुर गांव में 7 महीने के मासूम रुद्रांश की मौत सनसनीखेज हत्याकांड निकली। बीमारी का बहाना बनाने वाली मां मीनाक्षी ने ही उसकी हत्या की थी। पारिवारिक विवाद और समाज की सहानुभूति पाने के लिए उसने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में ले लिया है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 10 June 2026, 1:51 PM IST
google-preferred

Meerut: मेरठ के मुंडाली क्षेत्र के मुरलीपुर गांव में सात महीने के मासूम रुद्रांश की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शुरुआत में जिस घटना को एक सामान्य बीमारी से हुई मौत माना गया था, वह अब एक सनसनीखेज हत्याकांड में बदल गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मासूम की मौत के पीछे कोई और नहीं, बल्कि उसकी अपनी मां बताई जा रही है।

साजिश थी मौत की वजह

30 मई को रुद्रांश की अचानक मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया था। उस समय घर में मां मीनाक्षी अकेली थी। उसने परिजनों को बताया कि बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके कारण उसकी जान चली गई। परिवार ने बिना किसी शक के बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया।

लेकिन समय बीतने के साथ कुछ ऐसे संकेत मिले, जिन्होंने पूरे मामले की दिशा बदल दी। परिजनों को मां के व्यवहार पर संदेह होने लगा। जहां घर के लोग बेटे के निधन से टूट चुके थे, वहीं मां का रवैया असामान्य रूप से शांत बताया गया।

Meerut News: 11 करोड़ रुपये के लोन मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, मेरठ के गुदड़ी बाजार में चार घंटे चली जांच

पारिवारिक विवाद बना जांच का केंद्र

जांच के दौरान सामने आया कि पति-पत्नी के रिश्तों में काफी समय से तनाव चल रहा था। महिला के एक युवक से पुराने संबंधों को लेकर परिवार में विवाद हो चुका था और इस मुद्दे पर पंचायत तक बैठ चुकी थी। बताया जा रहा है कि इसी कारण परिवार और समाज में उसकी आलोचना हो रही थी।

पुलिस के अनुसार, महिला ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह अपने प्रति परिवार की नाराजगी कम करना चाहती थी और लोगों की सहानुभूति हासिल करने के लिए उसने यह खौफनाक कदम उठाया। आरोप है कि उसने अपने ही बेटे की जान लेकर घटना को प्राकृतिक मौत जैसा दिखाने की कोशिश की।

प्रेमी की तलाश में पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है। वहीं उसके कथित प्रेमी की तलाश में पुलिस टीम दिल्ली भेजी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।

पोस्टमार्टम के लिए प्रशासनिक मंजूरी का इंतजार

घटना के बाद अब दफनाए गए मासूम के शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराने की तैयारी है। हालांकि इसके लिए जिला प्रशासन की औपचारिक अनुमति का इंतजार किया जा रहा है। आदेश मिलते ही मजिस्ट्रेट की निगरानी में शव को निकालकर मेडिकल जांच कराई जाएगी।

Location :  Meerut

Published :  10 June 2026, 1:51 PM IST

Advertisement