कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का हत्याकांड: सहेली बोली-पहले ही कहा था, चाऊमीन वाला साइको है, हत्या से पहले बोली थी ये बातें

मेरठ की कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का हत्याकांड में उसकी सहेली ने आरोपी को लेकर चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस जांच में सीसीटीवी और कॉल रिकॉर्ड से आरोपी की गिरफ्तारी हुई। 3600 रुपये के विवाद और ईंट से हत्या कर शव नाले में फेंकने का आरोप सामने आया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 June 2026, 10:28 AM IST

Meerut: मेरठ के चिरौड़ी गांव की रहने वाली राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इंटरनेशनल स्तर पर देश का नाम रोशन करने का सपना देखने वाली इस युवा खिलाड़ी की जिंदगी जिस तरह खत्म हुई, उसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है। अब इस मामले में उसकी करीबी सहेली सोना ने कई अहम बातें साझा की हैं। सोना का कहना है कि उसने काफी पहले ही अनुष्का को आरोपी चाऊमीन विक्रेता से सावधान रहने की सलाह दी थी क्योंकि उसे उसका व्यवहार सामान्य नहीं लगा था।

स्कूल से शुरू हुई थी दोनों की दोस्ती

सोना ने बताया कि उसकी और अनुष्का की दोस्ती कृष्णा पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों एक ही कक्षा में थीं और कबड्डी के प्रति अनुष्का का जुनून शुरू से ही अलग दिखाई देता था। सोना के मुताबिक अनुष्का बेहद अनुशासित और मेहनती खिलाड़ी थी। वह अक्सर लड़कों जैसे छोटे बाल रखती थी और उसका पूरा ध्यान खेल और फिटनेस पर रहता था।

सोना ने बताया कि उसने अनुष्का को प्यार से "रिया" नाम दिया था और दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई थी। पढ़ाई से लेकर बोर्ड परीक्षा की तैयारी तक दोनों ने कई दिन और रातें साथ बिताई थीं।

Meerut Murder Case: सौरभ हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा, मुस्कान और साहिल का एक और राजफाश

आखिरी मुलाकात में कही थी बड़ी बात

सोना के अनुसार 12वीं कक्षा के अंतिम प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान उसकी अनुष्का से आखिरी मुलाकात हुई थी। उस समय अनुष्का ने उससे कहा था कि उसे जिंदगी में कुछ बड़ा करना है और अपने माता-पिता को बेहतर जीवन देना है। वह देश के लिए खेलना चाहती थी और इसी उद्देश्य से अग्निवीर भर्ती की तैयारी भी कर रही थी।

सुबह जल्दी उठकर दौड़ लगाना, घंटों अभ्यास करना और फिटनेस पर ध्यान देना उसकी दिनचर्या का हिस्सा था। परिवार और दोस्तों को उम्मीद थी कि वह आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान बनाएगी।

"चाऊमीन वाला साइको टाइप लगा था"

सोना ने बताया कि एक बार वह अपने कुछ दोस्तों के साथ अनुष्का के किराये के कमरे के पास गई थी। वहीं उनकी मुलाकात आरोपी चाऊमीन विक्रेता से हुई। उसने खुद बातचीत शुरू की और खाने का ऑफर भी दिया। हालांकि उस समय ही उसका व्यवहार उन्हें असामान्य लगा।

सोना का कहना है कि उसने उसी दिन अनुष्का से कहा था कि यह व्यक्ति "साइको टाइप" लगता है और उससे दूरी बनाकर रखनी चाहिए। अनुष्का ने जवाब दिया था कि वह कभी-कभी उससे खाने-पीने का सामान ले लेती है।

सोमवार को अनुष्का का अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिवार इस दुखद घटना से पूरी तरह टूट चुका है। परिजनों ने सरकार से आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।

Meerut Drum Murder Case: 3 मार्च की रात, सीमेंट, ड्रम और खौफनाक साजिश, कोर्ट ने अब तय किए हत्या के आरोप

पुलिस जांच में क्या आया सामने?

मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर ईंट से हमला कर अनुष्का की हत्या की और बाद में शव को बोरे में भरकर नाले में फेंक दिया था ताकि पहचान छिपाई जा सके।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर आरोपी तक पहुंचा गया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की है। शुरुआती जांच में 3600 रुपये की उधारी और कथित विवाद को हत्या की वजह बताया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं को खंगाल रही है।

Location :  Meerut

Published :  2 June 2026, 10:28 AM IST