Blast in UP: अवैध पटाखा फैक्ट्री में जबरदस्त धमाका, चीख-पुकार; मेरठ में जानिए कैसे चल रहा था गोरखधंधा

उत्तर प्रदेश के मेरठ में गढ़ रोड स्थित मुरलीपुर गांव में रविवार को एक पटाखा फैक्ट्री में हुए जोरदार धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री अवैध तरीके से संचालित की जा रही थी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 June 2026, 4:50 PM IST

Meerut:  उत्तर प्रदेश के मेरठ-गढ़ रोड स्थित मुरलीपुर गांव में रविवार को एक कथित अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए जोरदार धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री कैंडल बनाने की आड़ में संचालित की जा रही थी। धमाके के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने जब अंदर का नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में बारूद, पटाखे और पटाखा बनाने का सामान मिला।

कैंडल फैक्ट्री बताकर चल रहा था कारोबार

जानकारी के अनुसार मुरलीपुर निवासी भूपेंद्र पुत्र विजेंद्र के एक मकान में लंबे समय से यह फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। स्थानीय लोगों को बताया जाता था कि यहां कैंडल बनाने का काम होता है, जिससे किसी को संदेह न हो। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री का मुख्य गेट अधिकतर समय बंद रखा जाता था। यहां काम करने के लिए बाहर से महिलाओं को भी बुलाया जाता था।

सुखाने के लिए रखे पटाखों में हुआ धमाका

रविवार सुबह फैक्ट्री में तैयार किए गए पटाखा बम सुखाने के लिए रखे गए थे। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद पूरे परिसर में धुआं फैल गया और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। अंदर बड़ी मात्रा में बारूद और पटाखों का जखीरा देखकर लोग हैरान रह गए।

पुलिस, दमकल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने पूरे परिसर की जांच की और वहां से भारी मात्रा में तैयार पटाखे, बारूद और पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से नमूने एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।

फैक्ट्री मालिक और ठेकेदार हिरासत में

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री मालिक भूपेंद्र और ठेकेदार अमित पुत्र जगपाल को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और फैक्ट्री के संचालन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फैक्ट्री के संचालन के लिए आवश्यक अनुमति और लाइसेंस मौजूद थे या नहीं।

टला बड़ा हादसा

थाना प्रभारी देवेंद्र मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पटाखा बम में आग लगने के कारण धमाका हुआ। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, यदि धमाका और बड़ा होता तो आसपास के लोगों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Meerut

Published :  21 June 2026, 4:50 PM IST