हाथ में नागिन जैसे बाल लेकर थाने पहुंची बीवी, कहा- देखो मेरे पति ने क्या किया

मेरठ में घरेलू विवाद के बीच एक विवाहिता के साथ ऐसी घटना हुई, जिसने सबको हैरान कर दिया। एक पति को चोटी काटने और तेजाब डालने की कोशिश का आरोप लगा है। आखिर शनिवार को घर में क्या हुआ था? जानिए पूरा मामला...

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 November 2026, 12:29 PM IST
Meerut News: घरेलू विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि एक विवाहिता को अपनी जान बचाने के लिए पड़ोसियों और पुलिस की मदद लेनी पड़ी। उत्तर प्रदेश के मेरठ में पति और ससुराल वालों पर महिला के साथ मारपीट करने, उसकी चोटी काटने और उस पर तेजाब डालने की कोशिश करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि पति अपनी पत्नी पर अवैध संबंधों का शक करता था और इसी बात को लेकर आए दिन विवाद और मारपीट होती थी। शनिवार को बालों में कलर कराने की बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और उसकी चोटी काट दी गई। शोर सुनकर पड़ोसियों ने डायल-112 पर सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को बचाया। पीड़िता कटी हुई चोटी हाथ में लेकर थाने पहुंची और पति समेत चार लोगों के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।

शक के चलते आए दिन होता था विवाद, तीन साल पहले हुई थी शादी

पीड़िता के मुताबिक, उसकी शादी करीब तीन साल पहले मेरठ के समर गार्डन निवासी रिहान के साथ हुई थी। उसके दो बच्चे भी हैं। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति रिहान उस पर अवैध संबंधों का शक करता है। इसी बात को लेकर वह आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। शक और घरेलू विवाद के चलते महिला को लगातार उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा था।

पीड़िता का आरोप है कि शनिवार को बालों में कलर कराने की बात पर पति नाराज हो गया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और पति रिहान, सास रोशन तथा दो देवर साहिल और सोनू ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला के मुताबिक, इस दौरान आरोपियों ने उसके बाल पकड़कर चोटी काट दी। अचानक हुई इस घटना से वह बुरी तरह घबरा गई।

तेजाब डालने की कोशिश और धमकी का भी आरोप

महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान ससुराल वालों ने उस पर तेजाब डालने की भी कोशिश की। इतना ही नहीं, उसे तेजाब डालने की धमकी भी दी गई। पीड़िता के मुताबिक, अगर समय रहते पुलिस नहीं पहुंचती तो उसके साथ कोई बड़ी घटना हो सकती थी।

Symbolic Photo (Image: Pinterest)

महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को बचाया। इसके बाद पीड़िता अपनी कटी हुई चोटी लेकर लिसाड़ी गेट थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

पति, सास और दो देवरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

पीड़िता ने पति रिहान, सास रोशन और देवर साहिल व सोनू पर उत्पीड़न और मारपीट का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसे अपने ससुराल में जान का खतरा है। उसने पुलिस से चारों आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ ही अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।

महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़िता ने अपनी तहरीर में मारपीट, बाल काटने और तेजाब डालने की कोशिश से जुड़े आरोपों का जिक्र किया है।

सीओ ने क्या बताया?

इस मामले में सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि समर गार्डन की रहने वाली एक महिला ने शिकायत दी है। महिला का आरोप है कि उसका पति रिहान उसके साथ मारपीट करता है और मारपीट के दौरान उसके बाल काट दिए गए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर प्राप्त कर ली गई है। मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Meerut News

Published :  23 November 2026, 12:29 PM IST