‘लड़की पैदा कर दी, शादी में दहेज कौन देगा’, मेरठ में महिला से उत्पीड़न का आरोप; पति समेत 8 पर केस

मेरठ के कंकरखेड़ा में महिला ने पति और ससुराल पक्ष के आठ लोगों पर दहेज मांगने, बेटी के जन्म पर ताने देने और उत्पीड़न का आरोप लगाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की...

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 22 October 2026, 7:48 PM IST
Meerut News: बेटी के जन्म पर ताने, दहेज के लिए रुपये लाने का दबाव और मारपीट... मेरठ में एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के सात अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि बेटी पैदा होने के बाद उसका उत्पीड़न और बढ़ गया। ससुराल वाले कथित तौर पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसे घर से निकालने की धमकी देते थे। महिला की शिकायत पर कंकरखेड़ा पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बेटी के जन्म के बाद बढ़ा उत्पीड़न, सास पर ताने देने का आरोप

कंकरखेड़ा क्षेत्र के जंगेठी गांव निवासी शोभा शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 10 मई 2024 को सरधना क्षेत्र के पौहल्ली गांव निवासी अंकुश शर्मा से हुई थी। महिला के मुताबिक, शादी में उसके मायके वालों ने करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे। इसमें लगभग सात लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, छह लाख रुपये नकद और अन्य घरेलू सामान शामिल थे। शोभा का आरोप है कि 19 मार्च 2025 को बेटी के जन्म के बाद सास बबली देवी उसे ताने देने लगीं। शिकायत के मुताबिक, सास ने कहा, 'लड़की पैदा कर दी, अब तेरी इस लड़की की शादी के लिए दहेज कौन देगा।' पीड़िता ने जब पति अंकुश को इस बारे में बताया तो आरोप है कि उसने भी उसका साथ देने के बजाय अपने परिजनों का पक्ष लिया।

पांच लाख रुपये देने के बाद भी नहीं रुका कथित उत्पीड़न

पीड़िता ने देवर विशाल, ससुर योगेश, सास बबली देवी और अन्य ससुराल वालों पर मारपीट करने, भोजन नहीं देने और बच्ची के इलाज में बाधा डालने के आरोप भी लगाए हैं। महिला के अनुसार, ससुराल पक्ष की मांग पर उसके मायके वालों ने अलग-अलग तारीखों में कुल पांच लाख रुपये दिए, लेकिन इसके बावजूद कथित उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। शोभा ने आरोप लगाया कि 10 मई 2026 को शादी की सालगिरह के मौके पर पति ने उससे एक लाख रुपये नकद, चांदी का कड़ा और सोने का मंगलसूत्र लाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसे धमकाया गया। महिला का कहना है कि लगातार दबाव और प्रताड़ना के कारण उसे पुलिस से शिकायत करनी पड़ी।

पति समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

शोभा ने 7 सितंबर 2026 को पुलिस से शिकायत की थी। इसके बाद कंकरखेड़ा पुलिस ने पति अंकुश शर्मा, ससुर योगेश शर्मा, सास बबली देवी, जेठानी संगीता शर्मा, जेठ रोबिन, देवर विशाल, ननद प्रिया और अमित शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह के मुताबिक, नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगे जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपों की जांच जारी है। मामले में जांच के निष्कर्ष और पुलिस की आगे की कार्रवाई के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Meerut

Published :  22 October 2026, 7:48 PM IST