
भूसे के गोदाम में लगी भीषण आग
Maharajganj : जिले में एक शांत दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गई जब चौक बाजार क्षेत्र के दरहटा टोला लालपुर गांव में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही मिनटों में धुआं और आग ने ऐसा रूप लिया कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और गांव में दहशत का माहौल बन गया।
यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे की है। जब छोटे लाल पुत्र गणेश के भूसे से भरे गोदाम में अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि गोदाम में लगभग 20 टाली भूसा रखा हुआ था। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
जैसे ही बच्चों ने गोदाम से धुआं निकलते देखा। उन्होंने शोर मचाकर पूरे गांव को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। लोग बाल्टी, पाइप और उपलब्ध संसाधनों से आग पर काबू पाने में जुट गए लेकिन आग तेजी से फैलती जा रही थी।
महाराजगंज में ग्राम रोजगार सेवकों की 9 दिन की कलमबंद हड़ताल, BDO को सौंपा ज्ञापन
घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को भी दी गई, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि दमकल की गाड़ी मौके पर देर से पहुंची। तब तक गांव के लोगों ने काफी मेहनत कर आग को फैलने से रोक दिया और किसी तरह आग पर काबू पाया। अगर थोड़ी और देर होती तो नुकसान और बड़ा हो सकता था।
इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन छोटे लाल को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। लगभग 20 टाली भूसा पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों का अनुमान है कि किसी चिंगारी या अन्य वजह से यह हादसा हुआ होगा।
Location : Maharajganj
Published : 21 April 2026, 8:34 PM IST