
फरेंदा के पेट्रोल पंप पर उमड़ी भारी भीड़ फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज
Maharajganj: महराजगंज के फरेंदा क्षेत्र में शनिवार को पेट्रोल और डीजल को लेकर अचानक अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। क्षेत्र के HP (हिंदुस्तान)पेट्रोल पंप पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाइक, कार, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों की भारी भीड़ के कारण लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।पेट्रोल पंप के बाहर सड़क तक लाइन पहुंच जाने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती नजर आई।
पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़
स्थानीय लोगों के अनुसार पेट्रोल और डीजल की संभावित कमी को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं फैलने लगी थीं। इसी आशंका के चलते लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए। देखते ही देखते फरेंदा कस्बे सहित आसपास के इलाकों के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति यह रही कि कई लोगों को अपनी बारी आने तक तेज धूप में खड़ा रहना पड़ा।
भीड़ अधिक होने के कारण हल्की नोकझोंक
वाहन चालकों का कहना था कि यदि समय रहते ईंधन नहीं भरवाया गया तो आने वाले दिनों में परेशानी बढ़ सकती है। इसी डर के कारण कई लोग जरूरत से अधिक पेट्रोल और डीजल खरीदते दिखाई दिए। कुछ जगहों पर भीड़ अधिक होने के कारण हल्की नोकझोंक की स्थिति भी बनी रही। पेट्रोल पंप कर्मचारियों को व्यवस्था बनाए रखने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
बस में हुई शर्मनाक हरकत… युवती को बचाने के लिए चालक ने उठाया हैरतअंगेज कदम
भीड़ बढ़ने के कारण वितरण व्यवस्था पर दबाव
वहीं पेट्रोल पंप संचालकों ने बताया कि फिलहाल ईंधन की आपूर्ति सामान्य है और घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन खरीदने की अपील की। संचालकों के मुताबिक अचानक भीड़ बढ़ने के कारण वितरण व्यवस्था पर दबाव जरूर पड़ा, लेकिन स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
लंबी कतारें लोगों के बीच चर्चा का विषय
स्थानीय प्रशासन ने भी लोगों से शांति बनाए रखने और अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील की है। अधिकारियों द्वारा क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। हालांकि दिनभर पेट्रोल पंप पर लगी लंबी कतारें लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रहीं।
Location : Maharajganj
Published : 16 May 2026, 3:54 PM IST