शराब ठेके पर विवाद के बाद खेत में मिला व्यक्ति का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

सेमरी गांव में बुधवार शाम एक व्यक्ति की ठेके पर लड़ाई होने के बाद 100 मीटर दूरी पर उसका शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। परिवार वालों ने हत्या का आरोप लगाया है कि .... आइए जानते है इसके पीछे की पूरी खबर।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 12 November 2026, 10:00 AM IST

Mirzapur: विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में बुधवार शाम एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव गांव में स्थित सरकारी शराब के ठेके से कुछ ही दूरी पर खेत में मिला। मृतक की पहचान 45 वर्षीय गेंदा प्रसाद बिंद पुत्र स्वर्गीय रामदास निवासी सेमरी गांव के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

शराब ठेके पर हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब छह बजे गेंदा प्रसाद सरकारी शराब के ठेके पर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि वहां एक अन्य व्यक्ति के साथ शराब पीने के बाद उनका विवाद हो गया। दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों एक-दूसरे पर हमला करने के लिए तैयार हो गए। हालांकि, मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। इसके बाद दोनों वहां से चले गए।

कुछ दूरी पर मिला शव, पास में पड़ा था पत्थर

विवाद के कुछ ही देर बाद शराब के ठेके से करीब 100 मीटर दूर सीवान में गेंदा प्रसाद का शव पड़ा मिला। शव के पास ही एक बोरे में बंधा बड़ा पत्थर भी बरामद हुआ। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना दी और एंबुलेंस की मदद से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सर्रोई पहुंचाया। वहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पुनीत अग्रवाल ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने रिश्तेदार पर जताया शक

मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मामले में एक रिश्तेदार पर शक जताया है। उनका कहना है कि उक्त रिश्तेदार पिछले दो दिनों से गेंदा प्रसाद को अपने साथ लेकर घूम रहा था। परिजनों के मुताबिक, उस रिश्तेदार के ससुर के साथ भी गेंदा प्रसाद का पुराना विवाद चल रहा था। परिवार का आरोप है कि गेंदा प्रसाद की धारदार हथियार से हत्या की गई है। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह और इसमें शामिल लोगों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस की कार्यशैली पर भी उठे सवाल

इस घटना के बाद इलाके में पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में जुए और अन्य अवैध गतिविधियों की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। वहीं, कुछ पत्रकारों ने भी खबरों को लेकर दबाव बनाए जाने और सूचना देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने जैसी शिकायतें उठाई हैं। ऐसे में सेमरी गांव की इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और पुलिस की जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल, इस मामले में हत्या के आरोपों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि गेंदा प्रसाद की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है। 

Location :  mirzapur

Published :  12 November 2026, 10:00 AM IST