कांवड़ यात्रा को लेकर बड़ा ट्रैफिक अलर्ट! आज रात से डायवर्जन, 4 अगस्त से NH-58 पूरी तरह बंद

कांवड़ यात्रा को लेकर मुजफ्फरनगर पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। 29/30 जुलाई की मध्यरात्रि से जिले में भारी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी। 4 अगस्त से NH-58 सामान्य वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा और दोनों लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेंगी। दिल्ली, मेरठ, हरिद्वार, सहारनपुर, बिजनौर, शामली और बागपत से आने-जाने वाले वाहन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करेंगे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 29 July 2026, 8:09 PM IST

Muzaffarnagar: अगर आप आने वाले दिनों में दिल्ली से हरिद्वार या मेरठ से हरिद्वार जाने का प्लान बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। कांवड़ यात्रा को देखते हुए मुजफ्फरनगर पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। 29 और 30 जुलाई की मध्यरात्रि से ट्रैफिक डायवर्जन लागू हो जाएगा। इसके साथ ही जिले में भारी वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी। सबसे बड़ा बदलाव 4 अगस्त से NH-58 पर होगा। इस तारीख से हाईवे को सामान्य वाहनों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।

आज रात से भारी वाहनों की एंट्री बंद

मुजफ्फरनगर पुलिस के मुताबिक कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए 29/30 जुलाई की मध्यरात्रि से 12 अगस्त तक जिले में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान आम लोगों से अपील की गई है कि वे बिना जरूरी काम के कांवड़ यात्रा वाले रूट पर जाने से बचें और अगर यात्रा जरूरी है तो पहले ट्रैफिक एडवाइजरी देखकर ही निकलें।

4 अगस्त तक NH-58 पर ऐसे चलेगा ट्रैफिक

29/30 जुलाई से 4 अगस्त तक NH-58 पर ट्रैफिक पूरी तरह बंद नहीं होगा, लेकिन व्यवस्था बदली रहेगी। इस अवधि में हरिद्वार से आने वाले कांवड़ियों के लिए हाईवे की बाईं लेन आरक्षित रहेगी। वहीं दाहिनी लेन पर हल्के वाहनों को नियंत्रित तरीके से चलने की अनुमति होगी। यानी इस दौरान मेरठ से हरिद्वार और हरिद्वार से मेरठ की तरफ जाने वाले हल्के वाहन निर्धारित लेन में आवाजाही कर सकेंगे।

कांवड़ यात्रा से पहले मुजफ्फरनगर में ATS तैनात, ड्रोन और फेस-रिकग्निशन कैमरों से होगी 24 घंटे निगरानी

4 अगस्त से NH-58 पर आम वाहनों की नो एंट्री

कांवड़ यात्रा के दौरान सबसे बड़ा ट्रैफिक बदलाव 4 अगस्त 2026 से लागू होगा। इस दिन से NH-58 सामान्य वाहनों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। हाईवे की दोनों लेन केवल कांवड़ियों के आवागमन के लिए आरक्षित रहेंगी। ऐसे में मेरठ, दिल्ली या दूसरे शहरों से हरिद्वार जाने वाले वाहन चालकों को NH-58 की जगह पुलिस की ओर से निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा।

सहारनपुर और हरिद्वार से आने वालों के लिए नया रूट

सहारनपुर और हरिद्वार की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए भी पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग तय किया है। आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई से जुड़े वाहनों समेत दूसरे वाहनों को देवबंद, मलीरा कट, रामपुर तिराहा, पचैंडा, भोपा बाईपास, जानसठ बाईपास, मीरापुर और मोंटी तिराहा होते हुए मवाना के रास्ते मेरठ की तरफ भेजा जाएगा। इसी तरह बिजनौर जाने वाले वाहनों को मोंटी तिराहे से बैराज मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। वापसी के दौरान भी वाहनों को इन्हीं निर्धारित मार्गों से गुजारा जाएगा।

शामली और बागपत से आने वालों को भी बदलना होगा रास्ता

शामली की ओर से मुजफ्फरनगर आने वाले वाहनों के लिए भी रूट निर्धारित किया गया है। ऐसे वाहनों को लालूखेड़ी-पिन्ना बाईपास, राणा चौक और बहलना कट होते हुए जानसठ पुल के रास्ते शहर में प्रवेश दिया जाएगा। वहीं बागपत और बड़ौत से मुजफ्फरनगर आने वाले वाहनों को भी शामली-बनत होते हुए लालूखेड़ी-पिन्ना बाईपास, राणा चौक, बहलना कट और जानसठ पुल का रास्ता लेना होगा।

रुड़की रोड पर भरा पानी, थमी वाहनों की रफ्तार; मुजफ्फरनगर में भारी बारिश ने बढ़ाई कांवड़ियों की मुश्किलें

ज्यादा समय और लंबा रास्ता तय करने के लिए रहें तैयार

कांवड़ यात्रा के दौरान डायवर्जन लागू होने का सीधा असर आम यात्रियों पर पड़ेगा। खासतौर पर दिल्ली से हरिद्वार, मेरठ से हरिद्वार और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दूसरे शहरों से आने-जाने वाले यात्रियों को सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा समय लग सकता है। वैकल्पिक रास्तों की वजह से दूरी भी बढ़ सकती है। ऐसे में यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले अपने वाहन में पर्याप्त ईंधन रखने, रास्ते की जानकारी लेने और अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।

SSP ने की लोगों से अपील

मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कांवड़ यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए लोगों से ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कांवड़ पर्व के दौरान सुरक्षित, सुगम और दुर्घटनामुक्त आवागमन सुनिश्चित करने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  29 July 2026, 8:09 PM IST