गोरखपुर में शिक्षक राजनीति की बड़ी हलचल, ठकुराई गुट ने किया संगठन का पुनर्गठन

गोरखपुर में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट की महत्वपूर्ण बैठक में जिला और मंडल कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया गया। सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का मनोनयन हुआ और शिक्षक हितों के लिए संगठित संघर्ष पर जोर दिया गया।

Gorakhpur: शिक्षक हितों की लड़ाई को नई धार देने और संगठन को मजबूत करने के इरादे से उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट की एक बेहद अहम बैठक गोरखपुर में आयोजित की गई। नेहरू इंटर कॉलेज, बिछिया कॉलोनी के सभागार में हुई इस बैठक का माहौल पूरी तरह गंभीर, गरिमामयी और संगठनात्मक ऊर्जा से भरा रहा। बैठक में जिले और मंडल स्तर पर संगठन के पुनर्गठन को लेकर लंबी चर्चा हुई और सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का मनोनयन कर दिया गया। जिससे संघ की दिशा और दशा दोनों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी

बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष डॉ. क्षमा पांडे ने की, जबकि संघ के मुख्य प्रांतीय संरक्षक श्रद्धेय जगदीश पांडेय ठकुराई की विशेष मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। उनके साथ प्रांतीय, मंडलीय और जनपदीय स्तर के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, संगठन के सक्रिय सदस्य और अलग-अलग इकाइयों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक का मकसद सिर्फ पदों का बंटवारा नहीं, बल्कि शिक्षक हितों को लेकर साझा रणनीति बनाना और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना रहा।ठ

गोरखपुर में शोक की लहर, लोकतंत्र रक्षक सेनानी गिरिजेश सिंह नहीं रहे

क्यों जरूरी हुआ फैसला

जिला मंत्री डॉ. शोभित श्रीवास्तव ने बैठक के दौरान बताया कि 28 सितंबर को घोषित जिला निर्वाचन कार्यक्रम कुछ अपरिहार्य कारणों से पूरा नहीं हो सका था। ऐसे में संगठन के कामकाज को ठप होने से बचाने के लिए सर्वसम्मति से एकल पदों पर मनोनयन का रास्ता चुना गया। उन्होंने साफ किया कि यह एक अस्थायी व्यवस्था है और आने वाले समय में जिला कार्यकारिणी का विस्तार कर शेष पदों को भी भरा जाएगा।

इन नेताओं को सौंपी गई अहम जिम्मेदारी

बैठक में सर्वसम्मति से सत्यपाल सिंह को जिलाध्यक्ष, डॉ. शोभित श्रीवास्तव को जिला मंत्री, राम जी बागी को जिला कोषाध्यक्ष और सुभाष यादव को जिला आय-व्यय निरीक्षक मनोनीत किया गया। महानगर इकाई में घनश्याम तिवारी को महानगर अध्यक्ष और शशांक शेखर सिंह को महानगर मंत्री बनाया गया। वहीं मंडल स्तर पर दुर्गेश दत्त पाण्डेय को मंडल अध्यक्ष और डॉ. दयानंद पांडेय को मंडल मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।

गोरखपुर में एसएसपी का बड़ा एक्शन, थाना प्रभारी समेत तीन को किया सस्पेंड, जानिए क्यों?

अनुभव का लाभ लेते रहेंगे वरिष्ठ नेता

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि वर्तमान जिलाध्यक्ष हीरा लाल गौड़ अब प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में संगठन को अपना अनुभव और मार्गदर्शन देंगे। उपस्थित सदस्यों ने उनके कार्यकाल और योगदान की खुलकर सराहना की। कार्यक्रम के अंत में मुख्य प्रांतीय संरक्षक श्रद्धेय जगदीश पांडेय ठकुराई ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को माला पहनाकर आशीर्वाद दिया। शिक्षक हितों के लिए संगठित, अनुशासित और निरंतर संघर्ष का आह्वान किया।

Location : 
  • गोरखपुर

Published : 
  • 29 December 2025, 1:37 AM IST