
बकरीद से पहले जिला प्रशासन का बड़ा संदेश फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज
Raebareli: रायबरेली आने वाले त्यौहार ईद-उल-अजहा (बकरीद) को लेकर डीएम-एसपी ने धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों व पीस कमेटी के सदस्यों के साथ की बैठक की है। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने कोतवाली रायबरेली में ईद-उल-अजहा (बकरीद) सहित आगामी पर्वों एवं त्योहारों के दृष्टिगत धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों तथा पीस कमेटी के सदस्यों के साथ शहर कोतवाली में बैठक आयोजित की।
त्यौहार मनाने की अपील
बैठक में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित धर्मगुरुओं एवं पीस कमेटी के सदस्यों से त्योहारों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं एवं कानून-व्यवस्था संबंधी सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने सभी से आपसी सौहार्द, भाईचारा एवं शांति बनाए रखते हुए त्यौहार मनाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने कहा कि विगत वर्षों की भांति ही आगामी पर्व पर भी प्रशासन व पुलिस का सहयोग रहेगा तथा किसी भी समस्या के समाधान के लिए पुलिस प्रशासन जिला प्रशासन के साथ उपलब्ध रहेगा।
उन्होंने कहा कि नमाज के लिए मस्जिदों व ईदगाहों के आस-पास समुचित सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। उन्होंने बताया कि ड्रोन कैमरों की सहायता से निगरानी की जाएगी तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की सभी व्यवस्थाएं की जायेंगी। जो भी गाइडलाइंस जारी की गई हैं उनके अनुसार ही कुर्बानी दी जाए इसके लिये पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है।
बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार संपन्न कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार, क्षेत्राधिकारी नगर अरूण कुमार सहित विभिन्न सम्प्रदाय के धर्मगुरु व प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित रहें।
Location : Raebareli
Published : 25 May 2026, 9:56 PM IST
Topics : Aligarh Latest News Bakrid raebareli news UP Police