
झांसी का मुस्तरा रेलवे स्टेशन (Img: Dynamite News)
Jhansi: झांसी मंडल में बिना टिकट और नियमों के खिलाफ यात्रा करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के नेतृत्व में मुस्तरा स्टेशन पर ‘बस रेड’ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत टिकट चेकिंग स्टाफ, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और GRP की 62 सदस्यीय टीम अचानक स्टेशन पहुंची। टीम में 40 टिकट चेकिंग कर्मचारी, 12 RPF जवान और 10 GRP कर्मचारी शामिल थे।
टीम ने मुस्तरा स्टेशन से गुजरने वाली चार ट्रेनों में यात्रियों के टिकट और यात्रा संबंधी नियमों की जांच की। इनमें 11109 झांसी-लखनऊ इंटरसिटी, 22534 यशवंतपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस, 64607 झांसी-कानपुर MEMU और 20104 गोरखपुर-मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस शामिल रहीं। जांच के दौरान यात्रियों के टिकट के साथ बिना बुक किए सामान और यात्रा से जुड़े अन्य नियमों की भी जांच की गई।
यह भी पढ़ें: Jhansi: हाई-वे पर बने गड्ढे ने निगली एक परिवार की खुशियां, जिम्मेदारों पर सवाल
चेकिंग के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले और अन्य अनियमितताओं में पाए गए कुल 198 यात्रियों को रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। रेलवे नियमों के अनुसार सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई की गई। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के अभियानों का उद्देश्य यात्रियों को नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करना और बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना है।
‘बस रेड’ रेलवे का विशेष टिकट जांच अभियान है। इसमें टिकट चेकिंग स्टाफ के साथ RPF, GRP और रेलवे मजिस्ट्रेट की टीम मिलकर अचानक किसी स्टेशन या रेलखंड पर पहुंचती है। इसके बाद ट्रेनों और यात्रियों की सघन जांच की जाती है। रेलवे का मानना है कि औचक जांच से बिना टिकट यात्रा करने वालों पर प्रभावी रोक लगती है। साथ ही इससे रेलवे के राजस्व की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है।
Location : Jhansi
Published : 22 August 2026, 8:38 AM IST