मैनपुरी में रामजीलाल सुमन का बड़ा दावा, बोले- 2027 में टूटेंगी जातियां, अखिलेश यादव बनेंगे CM!

मैनपुरी पहुंचे सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने भाजपा, UCC, चुनाव आयोग और आजम खान की गिरफ्तारी पर बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि 2027 का चुनाव जनता की समस्याओं पर होगा और अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 November 2026, 6:41 PM IST

Mainpuri : मैनपुरी पहुंचे समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। भाजपा की लोकतंत्र बचाओ यात्रा, 2027 के विधानसभा चुनाव, समान नागरिक संहिता (UCC), चुनाव आयोग और आजम खान की गिरफ्तारी समेत कई मुद्दों पर उन्होंने अपनी बात रखी। रामजीलाल सुमन ने साफ कहा कि समाजवादी पार्टी का मकसद अपनी पार्टी को मजबूत करना और जनता के मुद्दों को उठाना है। उन्होंने दावा किया कि 2027 का विधानसभा चुनाव जाति और धर्म के बजाय लोगों की समस्याओं पर लड़ा जाएगा। इस चुनाव में जातियां टूटेंगी और अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।

भाजपा की यात्रा से सपा को कोई लेना-देना नहीं

भाजपा की लोकतंत्र बचाओ यात्रा को लेकर पूछे गए सवाल पर रामजीलाल सुमन ने कहा कि वह समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता हैं और उनका काम अपनी पार्टी को आगे बढ़ाना है। भाजपा कोई यात्रा निकालती है तो उससे समाजवादी पार्टी को क्या लेना-देना है। नेपाल की तर्ज पर सत्ता परिवर्तन की चर्चा पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का हिंसा में कोई विश्वास नहीं है। गांधी, लोहिया और जयप्रकाश नारायण उनके आदर्श हैं। लोकतंत्र में मिले संघर्ष के अधिकारों का इस्तेमाल पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से कर रही है।

वोट कटने और चुनाव आयोग के कामकाज पर उठाए सवाल

हिंदुओं के वोट कटने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों के दिमाग में हिंदू-मुस्लिम के अलावा कुछ नहीं रहता। वोट सभी वर्गों के कटे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के कामकाज पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि पहले सपा और कांग्रेस चुनाव आयोग के काम करने के तरीके पर आपत्ति जताती थीं, लेकिन इस बार आयोग के अपने साथियों ने भी उसके कामकाज पर आरोप लगाए हैं।

UCC और 2027 के चुनाव को लेकर क्या बोले?

अमित शाह के 2027 में भाजपा सरकार बनने पर UCC लागू करने के बयान पर सुमन ने कहा कि जब सरकार ही नहीं बनेगी तो इसे लागू कैसे करेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस बार चुनाव जनता की समस्याओं पर होगा। समाज का कोई वर्ग ऐसा नहीं है जो परेशान न हो। जातियां टूटेंगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।

आजम खान की गिरफ्तारी और आंदोलन पर भी दिया बयान

जेल से रिहाई के बाद आजम खान की ED द्वारा गिरफ्तारी पर उन्होंने कहा कि उन्हें जानबूझकर परेशान किया जा रहा है। यूनिवर्सिटी बनाना ही उनके लिए परेशानी का कारण बन गया है। वहीं, आंदोलन में शामिल होने वालों को नौकरी नहीं देने संबंधी मुख्यमंत्री के बयान पर उन्होंने कहा कि भाजपा का आदर्श हिटलर है और वह लोकतांत्रिक प्रदर्शन नहीं होने देना चाहती। चुनाव आयुक्त के खिलाफ इंडिया गठबंधन के विरोध पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी गठबंधन का हिस्सा है और फैसले सामूहिक रूप से लिए जाते हैं।

Location :  Mainpuri

Published :  3 November 2026, 6:41 PM IST