
मैनपुरी में महिला को मारी गोली
मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। किशनी थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच चल रहे जमीन के विवाद के दौरान दबंगों ने एक महिला को गोली मार दी। गोली महिला के पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। किशनी थाना क्षेत्र के बिधूना चौराहा की घटना है।
परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला का इलाज सैफई मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने महिला पर फायरिंग कर दी। गोली महिला के पैर में जा लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही किशनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का दावा है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
किशनी पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और विवाद से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल कर रही है। फिलहाल घायल महिला का इलाज जारी है और पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
Location : Mainpuri
Published : 3 June 2026, 3:14 PM IST