मैनपुरी में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, जमीन विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, चार घायल

मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र में खेत की मेड़ को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच चली ताबड़तोड़ गोलियों और धारदार हथियारों से हुए हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 21 July 2026, 1:43 AM IST

Mainpuri: जनपद के किशनी थाना क्षेत्र स्थित छोटा हर्राजपुर गांव में खेत की मेड़ को लेकर चल रहा विवाद रात करीब 8 बजे खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच फायरिंग और धारदार हथियारों से हमला हुआ, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक युवक ने सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मामले की जानकारी पर डीएम-एसपी मौके पर पहुंचे। मामले में 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

मृतक की पहचान दीपांशु पुत्र सोनपाल के रूप में हुई है।

ये है मामला

जानकारी के अनुसार गांव निवासी राजेंद्र सिंह चौहान और भारत सिंह भदौरिया के बीच खेत की मेड़ और सरकारी बचत भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। राजस्व विभाग की टीम ने पूर्व में खेतों की पैमाइश भी की थी, लेकिन एक पक्ष इस नाप से संतुष्ट नहीं था।

मृतक की फाइल फोटो

रविवार को खेत की जुताई के दौरान मेड़ टूटने पर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि मोहित और दीपक चौहान अवैध हथियारों और फरसे के साथ पहुंचे और विरोधी पक्ष पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। वहीं, दूसरे पक्ष का आरोप है कि हमलावर उनके घर में घुस आए और जानलेवा हमला किया।

मैनपुरी में पहली पत्नी के रहते पति पर दूसरी शादी का आरोप, दो मासूम बच्चों संग न्याय की गुहार

खूनी संघर्ष में चार युवक घायल

इस खूनी संघर्ष में कुलदीप पुत्र शिशुपाल, दीपांशु पुत्र सोनपाल, हिमांशु पुत्र अशोक सिंह और अरविंद पुत्र सूरजपाल गंभीर रूप से घायल हुए। दीपांशु ने सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दूसरे पक्ष का भी एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

मामले की जांच करती पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा, एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह और सीओ रामकृष्ण द्विवेदी सहित कई थानों का पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने खून के नमूने,चले हुए कारतूस और अन्य साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए भेजे।

मैनपुरी में लूटकांड का बड़ा खुलासा! पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर लुटेरा, बरामदगी देख रह गए सब हैरान

मामले में पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने पूरे गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। सूत्रों के अनुसार,एक घायल आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। थानाध्यक्ष छत्रपाल सिंह ने बताया कि इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Mainpuri

Published :  21 July 2026, 1:38 AM IST