हिंदी
मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र के गांव खजुरिया में दबंगों ने एक दंपती पर जानलेवा हमला कर दिया। कुल्हाड़ी से हुए हमले में पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़ित
Mainpuri: बेवर थाना क्षेत्र से एक बार फिर दबंगई की खौफनाक तस्वीर सामने आई है। जहां पुरानी रंजिश ने हिंसा का ऐसा रूप ले लिया कि एक परिवार की जिंदगी दहशत में आ गई। गांव खजुरिया में दबंग किस्म के लोगों ने एक दंपती को निशाना बनाते हुए जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। इस हमले में पति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पत्नी किसी तरह जान बचाकर पुलिस तक पहुंची। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
ग्राम खजुरिया निवासी पूजा पत्नी मुकेश कुमार ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव के ही श्याम सिंह पुत्र अजयपाल, सर्वेश, सनी पुत्रगण श्याम सिंह और उमा पत्नी सर्वेश से उनकी पुरानी रंजिश चली आ रही है। आरोप है कि 5 फरवरी की शाम ये सभी लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर में घुस आए। आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर पूजा और उसके पति मुकेश के साथ बेरहमी से मारपीट की गई।
पीड़िता का आरोप है कि जब वह जान बचाकर थाने शिकायत करने जा रही थी, तभी रास्ते में दबंगों ने उसके पति को घेर लिया। आरोपियों ने कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर जान से मारने की कोशिश की। हमले में मुकेश के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल अवस्था में पूजा अपने पति को लेकर थाना बेवर पहुंची, जहां पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवर भेजा। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां मुकेश के सिर में 5 से 7 टांके लगाए गए। फिलहाल घायल का इलाज जारी है।
मैनपुरी: अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, थाना किशनी पुलिस ने दो वांछित वारंटी किए गिरफ्तार
पीड़िता का कहना है कि नामजद आरोपी अभी तक खुलेआम घूम रहे हैं। गिरफ्तारी न होने से परिवार में डर का माहौल है। पूजा ने आशंका जताई है कि आरोपी दोबारा हमला कर सकते हैं। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द कार्रवाई की जाएगी।