
मैनपुरी में लापता मासूम का शव तालाब में मिला
Mainpuri: जनपद के बरनाहल थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार दोपहर से लापता पांच वर्षीय मासूम का शव शुक्रवार सुबह घर के पास स्थित तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार थाना बरनाहल क्षेत्र के गांव गढ़िया आलमगीर निवासी प्रमोद कुमार मुंबई में रहकर मजदूरी करते हैं। घर पर उनकी पत्नी सपना अपने दो बच्चों सात वर्षीय दीपक और पांच वर्षीय साहिल के साथ रहती हैं। गुरुवार दोपहर साहिल घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया।
जब काफी देर तक साहिल घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोगों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद शाम को बरनाहल थाने में बालक के लापता होने की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों के साथ रातभर मासूम की तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे घर के पास स्थित तालाब में साहिल का शव पानी में उतराता दिखाई दिया। शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तालाब से शव को बाहर निकलवाया और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां सपना का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार और ग्रामीणों में भी गहरा दुख व्याप्त है।
पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल परिजनों की ओर से किसी भी व्यक्ति पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है
Location : mainpuri
Published : 5 June 2026, 8:48 PM IST