मैनपुरी के इस इलाके में डर में जीने को लोग मजबूर, एसपी ऑफिस पहुंचकर कहा- अब आप ही करें हमारी मदद…

मैनपुरी के एक रिहायशी इलाके में इन दिनों हालात कुछ ऐसे बन गए हैं, जिससे स्थानीय लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। आम रास्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर रूप लेता नजर आ रहा है। विरोध करने वालों के साथ क्या हुआ और क्यों बढ़ती जा रही है लोगों की चिंता?

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 6 April 2026, 2:14 PM IST

Mainpuri News: मैनपुरी में एक कॉलोनी के लोग इन दिनों डर और तनाव के माहौल में जीने को मजबूर है। आरोप है कि कुछ लोगों ने आम रास्ते पर कब्जा करके ना सिर्फ लोगों का आवागमन मुश्किल कर दिया है, बल्कि विरोध करने वालों को धमकाने और मारपीट करने तक से भी नहीं हिचक रहे। हालात इतने बिगड़ गए कि परेशान कॉलोनीवासियों को आखिरकार पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचकर न्याय की गुहार लगानी पड़ी।

कॉलोनीवासियों ने लगाया ये आरोप

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, मामला भोगांव रोड स्थित कृष्णा कुंज कॉलोनी के पास पूजा ढाबा क्षेत्र का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले लोगों ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि गोला बाजार निवासी पंकज पाल, विकास पाल और अभिषेक पाल ने आम रास्ते पर अवैध कब्जा कर लिया है।

कॉलोनीवासियों का कहना है कि आरोपियों ने अपनी बाउंड्री दीवार को आगे बढ़ाकर रास्ते को इतना संकरा कर दिया है कि लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। इससे कॉलोनी के सैकड़ों लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।

मैनपुरी में बड़ा खतरा! 6 फीट पर लटक रही बिजली लाइन, कभी भी हो सकता है हादसा; विभाग क्यों बेपरवाह?

विरोध करने पर युवक से मारपीट का आरोप

बताया जा रहा है कि 30 मार्च 2026 को जब कॉलोनी के कुछ लोगों ने इस अवैध कब्जे का विरोध किया तो मामला अचानक गर्मा गया। आरोप है कि पंकज पाल अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और संदीप कुमार नामक युवक के साथ मारपीट कर दी। इस हमले में संदीप कुमार को गंभीर चोटें आईं। कॉलोनीवासियों का कहना है कि घटना के बाद से इलाके में डर का माहौल बना हुआ है और लोग खुलकर विरोध करने से भी घबराने लगे हैं।

CCTV कैमरा तोड़ने का भी आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कब्जा करने के बाद आरोपियों ने वहां लगे बिजली के खंभे पर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिया। लोगों का कहना है कि कैमरा तोड़ने का मकसद यह था कि उनकी गतिविधियों का कोई सबूत न बच सके। इस घटना से कॉलोनीवासियों में और ज्यादा आक्रोश फैल गया है।

फांसी या साजिश? मैनपुरी में विवाहिता की मौत पर मायके और ससुराल वालों के बीच टकराव, क्या पुलिस दे पाएगी प्रीति को न्याय?

महिलाओं से अभद्रता का आरोप

कॉलोनी के लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों की ओर से अवैध रूप से शराब उपलब्ध कराई जाती है। इसी वजह से इलाके में आए दिन शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। शाम होते ही नशे में धुत लोग कॉलोनी के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज करते हैं और महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं। कई बार विरोध करने पर झगड़े और मारपीट की नौबत भी आ जाती है, जिससे महिलाओं और बच्चों में भय का माहौल बना हुआ है।

सख्त कार्रवाई की मांग

पीड़ित कॉलोनीवासियों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपियों, पंकज पाल, विकास पाल और अभिषेक पाल के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही आम रास्ते से अवैध कब्जा हटवाकर कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि लोग बिना डर के अपने घरों से निकल सकें और सामान्य जीवन जी सकें।

Location :  Mainpuri

Published :  6 April 2026, 2:14 PM IST