
फरेंदा में मनाया गया भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम
Mahrajganj: पर्यावरण संरक्षण को लेकर सरकार और समाज की जिम्मेदारी को रेखांकित करता हुआ 'वन महोत्सव' कार्यक्रम शुक्रवार को फरेंदा रेंज के पश्चिमी लेहड़ा स्थित कंपार्टमेंट नंबर-5 में भव्य रूप से आयोजित किया गया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, कार्यक्रम के अंतर्गत पीपल, पाकड़, बरगद, नीम, जामुन जैसे छायादार और औषधीय गुणों से भरपूर सैकड़ों पौधों का रोपण किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों और वन विभाग के अधिकारियों समेत स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
फरेंदा विधायक ने किया पौधारोपण
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित फरेंदा के विधायक वीरेंद्र चौधरी ने पौधरोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण की गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि एक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसे बड़ा करने की जिम्मेदारी भी निभाए। उन्होंने कहा कि वृक्ष ही हमारे जीवन का ऑक्सीजन हैं और इनका संरक्षण ही हमारा भविष्य सुरक्षित कर सकता है।
पौधारोपण करते हुए फरेंदा के विधायक वीरेंद्र चौधरी
क्षेत्रीय वन अधिकारी ने दी जानकारी
इस मौके पर क्षेत्रीय वन अधिकारी सुशील कुमार चतुर्वेदी ने जानकारी दी कि वन विभाग द्वारा प्रत्येक वर्ष वन महोत्सव के अवसर पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाता है। इस वर्ष का लक्ष्य विशेष रूप से स्थानीय और पारंपरिक प्रजातियों के पौधों को रोपित करना है ताकि पर्यावरण के साथ-साथ जैव विविधता को भी समृद्ध किया जा सके।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
वृक्षारोपण कार्यक्रम में उप क्षेत्रीय वन अधिकारी अरुण कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार, वन दरोगा बृजेश चंद्र राव, रवि प्रकाश शाह, एजाज अहमद, राजन साहनी, वन रक्षक राजकुमार वर्मा और अन्य वनकर्मी और मालीगण भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने स्वयं पौधरोपण कर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
लोगों को किया जागरूक
वहीं कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण वृक्षों के लाभ और जलवायु परिवर्तन के खतरों को लेकर जागरूक किया गया। उप क्षेत्रीय वन अधिकारी अरुण कुमार सिंह वक्ताओं ने बताया कि वृक्ष न केवल वायुमंडल को शुद्ध करते हैं बल्कि वर्षा को आकर्षित करने, मिट्टी के कटाव को रोकने और जीव-जंतुओं को आश्रय देने में भी सहायक होते हैं।
स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण के लिए एक सकारात्मक पहल बताया। कई ग्रामीणों ने आगे भी इस तरह के प्रयासों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे न केवल पौधे लगाएंगे बल्कि उनके संरक्षण के लिए भी पूरी जिम्मेदारी से काम करेंगे। यह आयोजन न सिर्फ हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय कदम था बल्कि सामूहिक जागरूकता और सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण भी बन गया।
Location : Maharajganj
Published : 4 July 2025, 4:29 PM IST
Topics : biodiversity Environmental Conservation Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) tree plantation Van Mahotsav