क्या एक टीका बचा सकता है बेटियों की जान? कोल्हुई में शुरू हुआ अनोखा अभियान

कोल्हुई में चल रहा एक स्वास्थ्य अभियान बेटियों की सुरक्षा से जुड़ा है, लेकिन इसके बारे में कई लोगों को पूरी सच्चाई नहीं पता। एक ऐसा टीका, जो कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचा सकता है, फिर भी लोग हिचकिचा क्यों रहे हैं? इसके पीछे की वजह और सच्चाई जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 13 April 2026, 4:12 PM IST

Maharajganj: कोल्हुई में इन दिनों एक अहम स्वास्थ्य अभियान चर्चा में है, जो सीधे तौर पर बेटियों की जिंदगी से जुड़ा हुआ है। HPV यानी ह्यूमन पैपिलोमावायरस एक सामान्य लेकिन खतरनाक वायरस है, जो मुख्य रूप से यौन संपर्क के जरिए फैलता है। यह वायरस गर्भाशय ग्रीवा यानी सर्वाइकल कैंसर का सबसे बड़ा कारण माना जाता है।

भारत में सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में दूसरा सबसे आम कैंसर है, जो हर साल हजारों जिंदगियां छीन लेता है। ऐसे में HPV वैक्सीन इस खतरे के खिलाफ एक मजबूत सुरक्षा कवच बनकर सामने आई है।

HPV वैक्सीन: कैसे करती है बचाव?

HPV वैक्सीन शरीर में इस वायरस के खिलाफ प्रतिरोधक क्षमता विकसित करती है, जिससे संक्रमण का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, खासकर किशोरियों के लिए यह वैक्सीन बेहद प्रभावी है और अब एक खुराक को भी पर्याप्त माना जा रहा है।

Maharajganj News: फरेंदा में पुलिस की अहम पहल, सार्वजनिक स्थलों पर लगाए हेल्पलाइन पोस्टर

यह टीका न सिर्फ सुरक्षित है, बल्कि कई देशों में इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ चुके हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर शुरू हुआ बड़ा अभियान

केंद्र सरकार ने फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अजमेर से इस राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत की। इस पहल का लक्ष्य हर साल करीब 1.15 करोड़ 14 वर्ष तक की लड़कियों को मुफ्त HPV वैक्सीन उपलब्ध कराना है।

सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर यह टीका निशुल्क लगाया जा रहा है, ताकि देश में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को जड़ से खत्म किया जा सके।

महराजगंज में धूमधाम से मनाया गया पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल का जन्मदिन

जिले में अभियान, लेकिन सामने आ रही चुनौतियां

महराजगंज जिले में यह अभियान पिछले एक सप्ताह से चल रहा है। सेक्टर प्रभारी डॉक्टर धर्मेंद्र शाही के अनुसार, टीकाकरण केंद्रों पर लगातार लाभार्थी लड़कियों को वैक्सीन दी जा रही है। हालांकि, जागरूकता की कमी और सोशल मीडिया पर फैली अफवाहें इस अभियान की रफ्तार को प्रभावित कर रही हैं। कई अभिभावक गलत जानकारी के कारण अपनी बेटियों को टीका लगवाने से हिचकिचा रहे हैं।

जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा अनुमोदित है। डॉक्टर शाही ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अपनी बेटियों को समय पर टीकाकरण जरूर कराएं। जागरूकता अभियान के जरिए लोगों को जानकारी दी जा रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा बेटियां इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रह सकें।

Location :  Maharajganj

Published :  13 April 2026, 4:12 PM IST