
बलिया पुल घाट पर गूंजा खास संदेश,
Maharajganj: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति, महराजगंज द्वारा नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत बलिया पुल घाट पर “एक पेड़ माँ के नाम – एक कदम हरित भविष्य के नाम” अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, नदी स्वच्छता, जैव विविधता संवर्धन और वृक्षारोपण के प्रति जनसामान्य को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत घाट परिसर एवं नदी तट पर व्यापक स्वच्छता अभियान से हुई। इस दौरान स्वयंसेवकों, गंगा प्रहरियों, विद्यार्थियों, स्थानीय नागरिकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। प्रतिभागियों ने नदी तट पर फैले प्लास्टिक कचरे एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्रित कर स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान लोगों को यह भी बताया गया कि नदियों को प्रदूषण मुक्त रखना केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
स्वच्छता अभियान के बाद “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र उर्फ दयालु और केंद्रीय वित्त राज मंत्री पंकज चौधरी द्वारा किया गया। उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने कहा कि एक पौधा लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की नींव रखना है। इस मौके पर सदर विधायक जयमंगल कन्नोजिया, जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल, सीडीओ महेंद्र कुमार सिंह, डीएफओ निरंजन सुर्वे पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी समेत कई लोग मौजूद रहे।
Location : Maharajganj
Published : 5 June 2026, 2:07 PM IST