खेत में पानी देने गया था… कुछ ही पल बाद घर पहुंची मौत की खबर, आखिर क्या हुआ युवक के साथ

महराजगंज के सोनौली क्षेत्र में खेत में पानी चलाने गए एक युवक के साथ ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। कुछ ही मिनटों में सब कुछ बदल गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 July 2026, 1:36 PM IST

Maharajganj: महराजगंज जिले के सोनौली थाना क्षेत्र के भारिया गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। खेत में धान की रोपाई के लिए पानी चलाने गए एक युवक की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि गांव में भी शोक का माहौल बन गया।

कंटीले तार के संपर्क में आते ही चली गई जान

जानकारी के अनुसार, कोल्हुई थाना क्षेत्र के खरहरवा गांव निवासी प्रकाश साहनी रविवार सुबह जगरनाथपुर भारिया गांव स्थित अपने खेत में सिंचाई करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए कंटीले तार में बिजली का करंट प्रवाहित था। इसी दौरान प्रकाश साहनी अनजाने में उस तार की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि कंटीले तार में करंट कैसे पहुंचा। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आएगी।

पति को छोड़ा, देवर संग बसाया घर… 7 साल बाद आया ऐसा मोड़ कि दो बच्चों संग दर-दर भटक रही महिला

तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रकाश साहनी की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। उनके पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। गांव के लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया और परिवार को हर संभव मदद दिलाने की मांग की।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

सोनौली थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

दिव्यांग युवती से शादी के 5 महीने बाद युवक की मिली लाश, बहन ने जताई हत्या की आशंका

बिजली विभाग भी करेगा जांच

इस घटना पर अधिशासी अभियंता संजय सागर ने कहा कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया था। उन्होंने बताया कि पूरी जानकारी लेकर जांच कराई जाएगी। यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं।

Location :  Maharajganj

Published :  5 July 2026, 1:36 PM IST