
खेत में हुआ दर्दनाक हादसा
Maharajganj: थाना पुरंदरपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत मानिकतलाव के टोला धनहिया निवासी शिक्षामित्र पंचम यादव (45) की सोमवार शाम आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। वह प्राथमिक विद्यालय मानिकतलाव में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि सोमवार शाम करीब चार बजे पंचम यादव गांव से सटे सब्जी के खेत में गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गए। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। पंचम यादव की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के शोकाकुल परिजन
वहीं, शिक्षामित्र की मौत की खबर मिलते ही प्राथमिक विद्यालय मानिकतलाव के शिक्षक-शिक्षिकाओं और ग्रामीणों में भी शोक व्याप्त हो गया। ग्रामीणों के अनुसार पंचम यादव सरल और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे तथा लंबे समय से विद्यालय में शिक्षामित्र के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके आकस्मिक निधन को ग्रामीणों ने गांव के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
पुरंदरपुर थाने के एसआई राहुल यादव ने बताया कि चार बजे के करीब आकाशीय बिजली के चपेट पंचम प्रसाद यादव आ गए जिससे उनकी मृत्यु हो गई, शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कारवाई की जा रही।
Location : Maharajganj
Published : 14 September 2026, 11:20 PM IST