Site icon Hindi Dynamite News

महराजगंज पुलिस की बड़ी सफलता: पच्चीस हजार का इनामी अपराधी चार्ली गिरफ्तार

वर्षों से फरार चल रहे पच्चीस हजार के इनामी अपराधी चार्ली को गिरफ्तार कर लिया गया है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी खबर
Post Published By: Shivendra Chaturvedi
Published:
महराजगंज पुलिस की बड़ी सफलता: पच्चीस हजार का इनामी अपराधी चार्ली गिरफ्तार

महराजगंज: जनपद की पुलिस ने अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। नेपाल और भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों में सात वर्षों से सक्रिय, 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी कन्हैया उर्फ चार्ली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार बरगदवा क्षेत्र के महावनाला बगीचा से की गई इस गिरफ्तारी ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का संकेत दिया है। चार्ली के खिलाफ ठूठीबारी और निचलौल थानों में हत्या का प्रयास, धोखाधड़ी, चोरी और गैंगस्टर एक्ट सहित 10 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।

नेपाल के नवलपरासी जिले का निवासी चार्ली लंबे समय से महराजगंज पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। पुलिस के अनुसार, चार्ली का नेटवर्क भारत और नेपाल दोनों देशों में फैला हुआ था और वह कई संगठित गिरोहों के साथ मिलकर अपराधों को अंजाम देता था।

इस विशेष ऑपरेशन को एसपी सोमेन्द्र मीना के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। एएसपी आतिश कुमार सिंह और सीओ नौतनवा जयप्रकाश त्रिपाठी के निर्देशन में गठित टीम ने ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाई। बरगदवा और ठूठीबारी थानों के तेजतर्रार पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद रहे और चार्ली को दबोचने में निर्णायक भूमिका निभाई।

पुलिस अब चार्ली से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रही है, जिससे आने वाले समय में और भी गिरफ्तारियाँ संभव हैं।

Exit mobile version