
सुसाइड नोट वायरल (Source: Dynamite News)
महराजगंज: दीपावली की रात जब पूरा जनपद रोशनी और खुशियों में सराबोर था, उसी दौरान जिले के एक थाने के भीतर जब्त पटाखों को लेकर ऐसा विवाद गहराया कि मामला आत्मघाती कदम तक पहुंच गया। थाने के हेड मुहर्रिर ने थानेदार, एक जनप्रतिनिधि समेत सात लोगों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए सुसाइड नोट लिख दिया। इतना ही नहीं, सुसाइड नोट को अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाने के बाद कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया।
घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब एक साथी पुलिसकर्मी की नजर हेड मुहर्रिर के व्हाट्सएप स्टेटस पर पड़ी। स्टेटस पर सुसाइड नोट देखकर पुलिसकर्मी के होश उड़ गए। उसने तत्काल अन्य साथियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिसकर्मी आनन-फानन में मुहर्रिर कक्ष की ओर दौड़े, जहां हेड मुहर्रिर बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। साथी पुलिसकर्मी तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि दीपावली की रात थाने के मालखाने में रखे जब्त पटाखों को लेकर अधिकारियों, जनप्रतिनिधि और हेड मुहर्रिर के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद मामला बढ़ता चला गया। हेड मुहर्रिर ने कथित तौर पर प्रताड़ना से परेशान होकर यह आत्मघाती कदम उठाया।
सबसे गंभीर पहलू यह है कि वायरल सुसाइड नोट में थानेदार, एक जनप्रतिनिधि और पांच अन्य पुलिसकर्मियों सहित कुल सात लोगों के नाम दर्ज बताए जा रहे हैं। हालांकि, सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
Sitapur: अनीता हत्याकांड में बड़ा खुलासा, 72 घंटे बाद पुलिस के शिकंजे में आया इनामी हिस्ट्रीशीटर
घटना सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थाने के भीतर हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर जब्त पटाखों को लेकर ऐसा क्या विवाद हुआ कि मामला जहर खाने तक पहुंच गया? क्या हेड मुहर्रिर पर वास्तव में दबाव बनाया जा रहा था या विवाद की कोई दूसरी वजह थी?
फिलहाल हेड मुहर्रिर का अस्पताल में उपचार चल रहा है और हालत में सुधार बताया जा रहा है। पूरे मामले में सुसाइड नोट में दर्ज आरोपों की जांच और संबंधित लोगों के बयान सामने आने के बाद ही वास्तविक घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा।
इस पूरे मामले में पुलिस लीपापोती में जुट गई है। निचलौल सर्किल के सीओ ने डाइनामाइट न्यूज से बातचीत के दौरान बताया कि आपस में विवाद हुआ है। अस्पताल में भर्ती था अब ठीक है। परिजन भी आ गए थे।
Location : Maharajganj
Published : 9 November 2026, 12:21 PM IST
Topics : Diwali Maharajganj Nichlaul Police night suicide note