
9 आरोपी गिरफ्तार (Img : Dynamite News)
महराजगंज : दीपावली के जश्न के बीच पटाखे फोड़ने को लेकर विवाद और शराब के नशे में हुड़दंग करना नौ लोगों को भारी पड़ गया। त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में नौतनवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया है।
दरअसल, दीपावली के दौरान जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए महराजगंज पुलिस की ओर से विशेष रोकथाम अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नौतनवा पुलिस ने पटाखा फोड़ने को लेकर हुए विवाद और शराब के नशे में शांति व्यवस्था भंग करने के मामलों में कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, त्योहार के दौरान कुछ लोगों के बीच विवाद की स्थिति बनी थी। वहीं, शराब पीकर हंगामा करने और माहौल खराब करने के आरोप में भी पुलिस ने गिरफ्तारी की है।
आरोपी (Img : Dynamite News)
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में नौतनवा पुलिस टीम ने सोमवार को यह कार्रवाई की। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी नौ आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135 के तहत चालान किया। इसके बाद सभी को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया गया।
महराजगंज में ट्रेन हादसे ने उजाड़ा परिवार, मां के साथ चार साल की मासूम बेटी की दर्दनाक मौत
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में नौतनवा के उस्माननगर वार्ड नंबर-09 निवासी कुलदीप गौतम, गुरदीप गौतम, मुकेश कुमार, महेश कुमार, संतोष कुमार और गंगू भारती शामिल हैं। इसके अलावा विष्णुपुरा निवासी दुर्गेश गौतम को भी गिरफ्तार किया गया है।
वहीं, कोल्हुई थाना क्षेत्र के कर्महा बसंतपुर निवासी विकास भारती और नौतनवा के मालवीयनगर वार्ड नंबर-24 निवासी शुभम मधेशिया भी पुलिस की गिरफ्त में आए हैं।
इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रशांत दुबे, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र तिवारी और कांस्टेबल अनुज सिंह शामिल रहे। पुलिस टीम ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
महराजगंज के नौतनवा में दीपावली के दौरान पटाखे फोड़ने को लेकर विवाद और शराब पीकर हंगामा करने के आरोप में पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर हुई कार्रवाई में सभी आरोपियों का BNSS की धाराओं 170, 126 और 135 के तहत चालान कर न्यायालय भेज दिया गया।
Location : Maharajganj
Published : 9 November 2026, 5:22 PM IST