फरियादी को कागजी राहत नहीं, जमीन पर समाधान चाहिए… फरेंदा में DM-SP ने सुनीं 56 शिकायतें, राजस्व के मामले सबसे ज्यादा

महराजगंज के फरेंदा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 56 फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। सबसे ज्यादा शिकायतें राजस्व विभाग से जुड़ी रहीं। डीएम और एसपी ने मामलों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 17 August 2026, 8:13 PM IST

Pharenda:फरेंदा तहसील सभागार में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में कुल 56 मामले आए, जिनमें मौके पर दो शिकायतों का निस्तारण किया गया। सबसे अधिक मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे।

डीएम ने अधिकारियों को दिया निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका मौके पर जाकर स्थलीय सत्यापन किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि फरियादी को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। डीएम ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर भूमि विवाद समेत अन्य मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें- महराजगंज में अफसर अब पढ़ाएंगे सफलता का मंत्र, DM-SP समेत 51 अधिकारियों की लगी ड्यूटी; जानिए किस अधिकारी को मिला कौन सा विद्यालय

जिलाधिकारी को सौंपा प्रार्थना पत्र

समाधान दिवस में क्षेत्र के पृथ्वीपालगढ़ निवासी मदनगोपाल यादव ने विद्युत विभाग से संबंधित शिकायत को लेकर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि गांव में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का तार वर्तमान में जमीन से करीब छह मीटर की ऊंचाई पर है। तार काफी नीचे होने के कारण आवागमन के दौरान हादसे की आशंका बनी रहती है। खेतों में काम करने वाले किसानों और रास्ते से गुजरने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है। उन्होंने विद्युत लाइन को सुरक्षित ऊंचाई पर कराने की मांग की।

पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई के दिए निर्देश

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाए और नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

ये भी पढ़ें- Paper Leak Case: शिक्षा मंत्री का NTA के खिलाफ बड़ा एक्शन, 50 से अधिक कर्मचारी हटाए गये, कई रडार पर

सुनवाई के दौरान ये रहे उपस्थित

डीएम ने अधिकारियों को चेताया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान उपजिलाधिकारी प्रेम शंकर पांडेय, तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा, पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपशिखा वर्मा, ईओ अनुज कुमार समेत तहसील एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  17 August 2026, 8:13 PM IST