‘महराजगंज पहल’ बनी अनाथ बच्चों की नई उम्मीद, 1456 बच्चों को योजनाओं से जोड़ने निकला प्रशासन

महराजगंज में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की पहल पर मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से जुड़े 1456 बच्चों के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। बच्चों की प्रोफाइलिंग कर उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और अन्य सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य अनाथ और जरूरतमंद बच्चों को बेहतर भविष्य और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 31 July 2026, 6:25 PM IST

Maharajganj: माता-पिता का साया खो चुके बच्चों के जीवन में उम्मीद की नई किरण जगाने के लिए महराजगंज जिला प्रशासन ने एक संवेदनशील और सराहनीय पहल शुरू की है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की विशेष पहल 'महराजगंज पहल' के तहत मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से जुड़े 1456 बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जिलेभर में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मकसद सिर्फ सरकारी सहायता देना नहीं, बल्कि ऐसे बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, सामाजिक सुरक्षा और मनोवैज्ञानिक सहयोग उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना है।

ब्लॉक स्तर पर शुरू हुआ विशेष अभियान

जिला प्रशासन ने इस अभियान की शुरुआत जनपद के सभी विकासखंडों में ब्लॉक स्तरीय संवाद एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित कर की। इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से जुड़े बच्चों और उनके अभिभावकों को आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बच्चों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों, भविष्य की योजनाओं और जरूरतों को समझा।

1456 बच्चों की होगी विस्तृत प्रोफाइलिंग

अभियान के तहत जिले के सभी 1456 लाभार्थी बच्चों की विस्तृत प्रोफाइल तैयार की जा रही है। इसमें बच्चों की शैक्षणिक स्थिति, स्वास्थ्य, कौशल विकास की संभावनाएं, रुचियां, पारिवारिक परिस्थितियां और विभिन्न सरकारी योजनाओं से मिलने वाले लाभ का आकलन किया जाएगा।

महराजगंज में बेरोजगारी का भयानक अंत: नौकरी की तलाश में भटक रहे युवा ने उठाया खौफनाक कदम, कमरे का मंजर देख कांप उठे परिजन

मनोवैज्ञानिक सहयोग भी मिलेगा

इस अभियान का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य उन बच्चों को मानसिक और भावनात्मक सहयोग देना भी है, जिन्होंने कोविड-19 या अन्य कारणों से अपने माता-पिता या परिवार के किसी सदस्य को खो दिया है। प्रशासन गैर-सरकारी संस्थाओं और विशेषज्ञों के सहयोग से समय-समय पर बच्चों की काउंसलिंग भी कराएगा, ताकि वे मानसिक रूप से मजबूत बन सकें और सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।

जनप्रतिनिधियों ने की पहल की सराहना

विकासखंड परतावल में आयोजित कार्यक्रम में पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने जिला प्रशासन की इस पहल को जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान समाज के कमजोर वर्गों को नई उम्मीद देते हैं।

महराजगंज में IT का मेगा ऑपरेशन: दूसरे दिन भी दो राइस मिलों में डटी रही आयकर टीम, करोड़ों कैश की चर्चाओं से मचा भूचाल

सीडीओ ने बच्चों का बढ़ाया हौसला

विकासखंड मिठौरा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों को जीवन में लक्ष्य तय करने और कठिन परिस्थितियों से घबराने के बजाय उन्हें सफलता की प्रेरणा बनाने की सलाह दी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि कोई पात्र बच्चा या परिवार किसी सरकारी योजना से वंचित है, तो उसका तत्काल सत्यापन कर लाभ सुनिश्चित कराया जाए।

यह सिर्फ सरकारी योजना नहीं, संवेदनशील सोच है

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि 'महराजगंज पहल' केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन बच्चों के लिए संवेदनशील प्रशासनिक प्रयास है, जिन्होंने जीवन में कठिन परिस्थितियों का सामना किया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक पात्र बच्चे तक शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, कौशल विकास और अन्य सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि वे भी समाज की मुख्यधारा में आगे बढ़ सकें।

Location :  Maharajganj

Published :  31 July 2026, 6:25 PM IST