Maharajganj: ऑपरेशन कायाकल्प में लापरवाही पर सीडीओ सख्त, एक सप्ताह में शुरू हों सभी लंबित कार्य

महराजगंज में स्कूलों की सुविधाओं और ऑपरेशन कायाकल्प की धीमी रफ्तार पर सीडीओ ने अधिकारियों को कड़ा संदेश दिया है। समीक्षा बैठक में लंबित कार्यों को लेकर एक सप्ताह की समयसीमा तय की गई।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 24 August 2026, 8:22 PM IST

Maharajganj: बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं और ऑपरेशन कायाकल्प की प्रगति को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, नामांकन, स्कूल चलो अभियान, पीएम श्री विद्यालयों सहित विभिन्न शैक्षिक योजनाओं की ब्लॉकवार समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान सीडीओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विद्यालयों में अधूरे पड़े कार्यों को अब किसी भी स्थिति में लंबित न रखा जाए।

मुख्य विकास अधिकारियों ने दिए निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों और खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऑपरेशन कायाकल्प के निर्धारित पैरामीटर के अनुसार विद्यालयों में शेष कार्य एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से शुरू कराए जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। ऐसे में कार्यों में लापरवाही, उदासीनता या शिथिलता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

ये भी पढ़ें- चर्च जाने का दबाव, धर्मांतरण का आरोप और देवी-देवताओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी; बदायूं में क्या है पूरा मामला?

सीडीओ ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के विद्यालयों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और निर्माण एवं अवस्थापना कार्यों की गुणवत्ता के साथ ही उनकी प्रगति की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी कार्य में तकनीकी, वित्तीय या अन्य किसी प्रकार की समस्या आती है तो उसे उच्चाधिकारियों के संज्ञान में तत्काल लाया जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान कराया जा सके।

असंतृप्त विद्यालयों को संतृप्त करने के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी ने ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत अभी तक असंतृप्त विद्यालयों को अभियान चलाकर संतृप्त करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बाउंड्रीवाल निर्माण, विद्युत कनेक्शन, टाइलीकरण सहित विद्यालयों में आवश्यक अन्य मूलभूत सुविधाओं के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में सुविधाओं की कमी सीधे तौर पर बच्चों के शैक्षिक माहौल को प्रभावित करती है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

ये भी पढ़ें- ’22 लाख मिलेंगे, काम कर दो…’ श्रेया हत्याकांड में दोस्त ने दोस्त को दिया हत्या का ऑफर, वाराणसी में बड़ा खुलासा

बैठक में नामांकन की प्रगति की समीक्षा

बैठक में स्कूल चलो अभियान के तहत नामांकन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पीएम श्री विद्यालयों में नवीन नामांकन की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्धारित लक्ष्य को समय से पूरा कराने को कहा।

इसके अलावा आरटीई एक्ट-2009, स्मार्ट क्लास, अपार आईडी समेत बेसिक शिक्षा विभाग की अन्य योजनाओं की ब्लॉकवार समीक्षा की गई। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, बीएसए सुरजीत सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी समेत सभी खंड विकास अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  24 August 2026, 8:22 PM IST