
मंदिर की बाउंड्री तुड़वाकर कमर्शियल दुकानें बनाने का आरोप(Img: Dynamite News)
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के निचलौल कस्बे के कोर्ट मोहल्ले में स्थित वर्षों पुराने बताए जा रहे श्रीराम-जानकी मंदिर की पुरानी बाउंड्रीवाल तोड़े जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मंदिर के पुजारी और स्थानीय लोगों की ओर से आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत द्वारा बाउंड्रीवाल तुड़वाकर उसी स्थान पर कमर्शियल दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। मामले को लेकर पुजारी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक श्रीराम-जानकी मंदिर काफी पुराना धार्मिक स्थल है और मंदिर की ओर से वर्षों से पुरानी बाउंड्रीवाल चली आ रही थी। आरोप है कि नगर पंचायत ने इस बाउंड्रीवाल को मनमाने तरीके से तुड़वा दिया और अब वहां व्यावसायिक दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। शिकायत में कहा गया है कि इससे मंदिर की संरचना और परिसर को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
मंदिर पक्ष की ओर से यह भी आरोप लगाया गया है कि पुरानी बाउंड्रीवाल को तोड़ने के बाद निकली सामग्री का इस्तेमाल निर्माण कार्य में किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने निर्माण की गुणवत्ता और इस्तेमाल की जा रही सामग्री की भी जांच कराने की मांग की है।
पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल निर्माण के लिए इस्तेमाल होने वाली धनराशि और दुकानों के स्वामित्व को लेकर उठाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि नगर पालिका की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया जा रहा है कि कमर्शियल दुकानों का निर्माण किस मद के फंड से कराया जा रहा है और निर्माण पूरा होने के बाद इन दुकानों पर स्वामित्व किसका रहेगा।
महराजगंज में दर्दनाक हादसा, एक झटके में उजड़ गया परिवार का सहारा
मामले को लेकर मंदिर के पुजारी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर नगर पालिका के निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, मंदिर की पुरानी बाउंड्रीवाल तोड़े जाने के आधार और निर्माण की अनुमति की जांच करने की मांग की गई है।
अब मामले में प्रशासन की जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं। जांच में यह स्पष्ट हो सकेगा कि मंदिर की बाउंड्रीवाल किसकी संपत्ति थी, उसे तोड़ने के लिए किस स्तर से अनुमति दी गई, कमर्शियल दुकानों का निर्माण किस योजना या मद से कराया जा रहा है और तैयार दुकानों का स्वामित्व किसके पास रहेगा। फिलहाल पुराने मंदिर की बाउंड्री तोड़कर कमर्शियल निर्माण कराए जाने को लेकर निचलौल में विवाद गहराता जा रहा है।
Location : Maharajganj
Published : 1 October 2026, 7:07 PM IST
Topics : Commercial Shops Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Ram Janki Temple Temple Boundary Wall Temple Construction Controversy