Maharajganj News: हत्या के आरोपी पति ने लगाई फांसी: पत्नी की मौत के दूसरे दिन खुदकुशी, इलाके में सनसनी

महराजगंज के बृजमनगंज थाना क्षेत्र में दहेज हत्या के आरोप में नामजद पति ने पत्नी की मौत के दूसरे दिन ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 6 March 2026, 7:36 PM IST

महराजगंज: जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और हत्या के मामले में एक सनसनीखेज मोड़ सामने आया है। पत्नी की हत्या के आरोप में नामजद पति ने खुद अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, 5 मार्च को थाना बृजमनगंज में बरगाहपुर टोला लेहड़ा स्टेशन निवासी आयशा खातून ने एक तहरीर देकर अपनी पुत्री नाजिमा खातून की हत्या का आरोप लगाया था। तहरीर में उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी सौरहा बृजमनगंज निवासी मुर्तजा के साथ की थी। शादी के बाद से ही मुर्तजा, उसके पिता और उसकी मां द्वारा नाजिमा खातून को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

आरोप के मुताबिक 5 मार्च 2026 को दहेज की मांग को लेकर हुए विवाद में मुर्तजा ने अपनी पत्नी नाजिमा खातून की हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना बृजमनगंज में मु0अ0सं0 53/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

इसी बीच 6 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि इस मामले का मुख्य आरोपी और मृतका का पति मुर्तजा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखी गई है। मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने बताया कि दहेज हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

इसी दौरान मुख्य आरोपी पति द्वारा आत्महत्या कर लेने की सूचना मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 6 March 2026, 7:36 PM IST