
महिला का शव मिलने से हड़कंप
महराजगंज: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद में कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बरवा विद्यापति में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया। जहां गांव के पश्चिम दिशा में स्थित पोखरे में एक अज्ञात महिला का शव देखा गया। यह जानकारी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ओमप्रकाश पांडे द्वारा स्थानीय पुलिस को दी गई।
डाइनामाइट न्यूज़ के संवाददाता के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में बीट उप निरीक्षक अरुण कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद शव की जांच पड़ताल की गई। महिला की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है और प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उसकी मौत डूबने के कारण हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार महिला की मौत लगभग तीन से चार घंटे पूर्व हुई होगी।
अभी नहीं हो पाई महिला की पहचान
वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कार्रवाई शुरू कर दी है। अभी तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। शिनाख्त न हो पाने के कारण शव को सदर अस्पताल के मर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस ने बताया कि पहचान होने के बाद पंचायतनामा की विधिक कार्यवाही कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
शरीर पर नहीं मिला कोई निशान
फिलहाल, घटना को लेकर किसी प्रकार की आपराधिक साजिश या हत्या की आशंका के बारे में पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है, लेकिन प्रारंभिक जांच में कोई बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। इसके बावजूद पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच में जुटी है।
दूसरी तरफ, गांव में इस घटना के बाद से लोगों के बीच दहशत और आशंका का माहौल बना हुआ है। वहीं, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने का आश्वासन दिया है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर किसी के परिवार की कोई महिला लापता है या किसी को उक्त महिला के बारे में कोई जानकारी हो तो वह तत्काल कोतवाली महराजगंज से संपर्क करें। वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द मामले में कार्रवाई की मांग की है, ताकि अज्ञात महिला के बारे में जानकारी मिल सके।
Location : Maharajganj
Published : 11 May 2025, 1:46 PM IST
Topics : Maharajganj UP Police woman