
स्पा सेंटर पर प्रशासन की छापेमारी
Pharenda (Maharajganj): फरेंदा थाना क्षेत्र के बाईपास मार्ग पर संचालित क्लासिक कंफर्ट स्पा सेंटर पर मंगलवार की दोपहर प्रशासन ने औचक छापेमारी कर सघन जांच की। कार्रवाई का नेतृत्व उपजिलाधिकारी (एसडीएम) शैलेन्द्र गौतम एवं तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा ने किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में हलचल तेज हो गई।
प्रशासन को स्पा सेंटर के संचालन को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों में नियमों के उल्लंघन,आवश्यक मानकों की अनदेखी तथा दस्तावेजों में अनियमितता की बात कही गई थी। इन्हीं शिकायतों के आधार पर संयुक्त टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
जांच के दौरान स्पा सेंटर में मौजूद कर्मचारियों,संचालकों एवं व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की गई। मौके पर लगभग तीन महिला कर्मचारी पाई गई व एक युवक पकड़ा गया,जिनको प्रशासन ने थाने पर भेजा,जिनमें से कुछ कर्मचारी अपना वैध पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर सकीं।
टीम ने लाइसेंस,पंजीकरण प्रमाण पत्र, आगंतुक रजिस्टर तथा डीबीआर (डेली बिजनेस रजिस्टर) सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की। जांच के दौरान रजिस्टर व डीबीआर में कई कमियां पाई गईं, जिसके बाद इन्हें सील कर जब्त कर लिया गया।
अनियमितताएं पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से स्पा सेंटर को सील कर दिया। सभी कर्मचारियों को बाहर निकालकर ताला लगा दिया गया और अग्रिम आदेश तक संचालन पर रोक लगा दी गई। कार्रवाई के दौरान तीन युवतियों एवं एक युवक को पूछताछ के लिए फरेंदा थाने भेजा गया,जहां उनसे आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।छापेमारी की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। फिलहाल दस्तावेजों की विस्तृत जांच जारी है। एसडीएम फरेंदा शैलेन्द्र गौतम ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 24 February 2026, 4:33 PM IST
Topics : crime news Maharajganj News UP News