
महराजगंज में नई कार्यकारिणी ने संभाली कमान
Maharajganj: पंचायती राज विभाग स्वच्छता कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन (संबद्ध: राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तर प्रदेश) की नई जिला कार्यकारिणी के गठन के बाद संगठन ने कर्मचारी हितों को लेकर सक्रियता तेज कर दी है। रविवार को नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) श्रेया मिश्रा से शिष्टाचार भेंट कर संगठन का परिचय दिया और विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तृत चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने डीपीआरओ का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान संगठन के उद्देश्य, भावी कार्ययोजना तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं पंचायती राज विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कर्मचारियों के कल्याण, विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, बेहतर समन्वय और जनहित से जुड़े अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। साथ ही उन्होंने संगठन से अपेक्षा जताई कि वह कर्मचारियों और विभाग के बीच एक मजबूत सेतु की भूमिका निभाए।
संगठन के पदाधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि नई कार्यकारिणी कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा और विभाग के साथ सकारात्मक समन्वय बनाकर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने में संगठन अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष आशीष मिश्रा, जिला संरक्षक ए.के. उपाध्याय, जिला अध्यक्ष संतोष शुक्ला, जिला महामंत्री मनोज प्रजापति, कोषाध्यक्ष विनय कुमार शर्मा तथा मीडिया प्रभारी अविनाश कुमार चतुर्वेदी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Location : Maharajganj
Published : 2 August 2026, 10:51 PM IST
Topics : district panchayati raj officer dpro meeting employee welfare Maharajganj New Executive Committee