‘एक इंजेक्शन और थम गई 36 साल की जिंदगी’! महराजगंज अस्पताल में मौत के बाद मचा बवाल

महराजगंज के नौतनवा में निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 36 वर्षीय युवक की मौत से मंगलवार रात हड़कंप मच गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों का दावा है कि इंजेक्शन लगने के बाद युवक के नाक और मुंह से खून आने लगा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 September 2026, 11:44 AM IST

Maharajganj: महराजगंज के नौतनवा से बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने इंजेक्शन लगाने के बाद हालत बिगड़ने और लापरवाही का आरोप लगाया है।

परिजनों का आरोप है कि करीब चार बजे युवक को इंजेक्शन लगाया गया था। इसके कुछ समय बाद उसकी नाक और मुंह से खून आने लगा। देखते ही देखते उसकी हालत गंभीर हो गई और उसकी मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजन

युवक की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। आक्रोश बढ़ने पर मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। देखते ही देखते मामला अस्पताल से निकलकर सड़क तक पहुंच गया। लोगों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई और मामले में कार्रवाई की मांग की।

ये भी पढ़ें: maharajganj: स्वच्छ भारत मिशन में बड़ा संकट, 4 हजार कर्मचारियों ने खोला मोर्चा; जानिए वजह

पुलिस ने संभाला मोर्चा

हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझाने का प्रयास किया और जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद अस्पताल में चल रहा हंगामा शांत कराया गया।

हालांकि, परिजनों और उनके समर्थकों का आक्रोश पूरी तरह शांत नहीं हुआ। रात करीब 10:30 बजे से 11:30 बजे तक तहसील की ओर जाने वाली सड़क पर लोगों ने जाम लगा दिया। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस के समझाने और कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद लोगों ने जाम हटा लिया।

परिवार में मचा कोहराम

युवक की मौत के बाद उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों के मुताबिक विनोद के परिवार में पत्नी रिंकी के अलावा आठ वर्षीय बेटा विनय और छह वर्षीय बेटा अंकुश हैं। अचानक हुई मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें: Maharajganj News: छोटे शहर से BARC तक का सफर, फिर दर्दनाक अंत; युवा वैज्ञानिक ने बीमारी से हारी जंग, पिता ने दी आखिरी विदाई

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

थाना प्रभारी अभिषेक सिंह के अनुसार, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी।

फिलहाल युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति साफ हो सकेगी। वहीं, अस्पताल प्रबंधन की ओर से युवक की मौत को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।

Location :  Maharajganj

Published :  2 September 2026, 11:44 AM IST