महराजगंज में DM शिवशरणप्पा जी.एन. का औचक निरीक्षण, EVM वेयरहाउस की सुरक्षा में मिली बड़ी चूक, दो गार्ड अनुपस्थित; स्पष्टीकरण तलब

महराजगंज में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. के EVM वेयरहाउस निरीक्षण में पांच में से दो सुरक्षा गार्ड अनुपस्थित मिले। डीएम ने स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। उधर, एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बाजारों में पैदल गश्त की। प्रशासन ने सदर, निचलौल और नौतनवा तहसीलों में नए तहसीलदारों की तैनाती भी की है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 17 November 2026, 8:31 PM IST

Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज में मंगलवार को प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर कई अहम कदम उठाए गए। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया, जहां तैनात पांच सुरक्षा गार्डों में से दो अनुपस्थित मिले। इस पर डीएम ने संबंधित कर्मचारियों को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। दूसरी ओर, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस बल के साथ बाजारों में पैदल गश्त कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही सदर, निचलौल और नौतनवा तहसीलों में नए तहसीलदारों की तैनाती की गई है।

EVM वेयरहाउस में दो गार्ड अनुपस्थित

भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने मंगलवार को ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अग्निशमन उपकरणों और लॉगबुक का परीक्षण किया। सुरक्षा मानकों की जांच के दौरान पांच में से दो सुरक्षा गार्ड अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित अनुपस्थित कर्मचारियों को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को वेयरहाउस की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने और खुले हुए सीसीटीवी कैमरों के तारों को बॉक्स के कवर में सुरक्षित कराने के लिए भी कहा गया।

इससे पहले डीएम की अध्यक्षता में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 और मतदाता पंजीकरण अभियान को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक हुई। भारत निर्वाचन आयोग के 04 नवंबर 2026 के निर्देशों के तहत अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की आलेख्य प्रकाशित निर्वाचक नामावलियों की हार्ड और सॉफ्ट कॉपी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। सभी प्रतिनिधियों से प्राप्ति रसीद भी ली गई।

डीएम ने अपील की कि 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र युवाओं और महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शत-प्रतिशत दर्ज कराए जाएं। इसके लिए प्रत्येक बूथ पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समन्वय बनाने को कहा गया। नए नाम के लिए फार्म-6, नाम अपमार्जित कराने के लिए फार्म-7 और नाम, पता व अन्य विवरणों में संशोधन या स्थानांतरण के लिए फार्म-8 समय से जमा कराने की अपील की गई।

ये भी पढ़े: छोटी सी बात पर खूनी तांडव, महराजगंज में हैरतअंगेज हिंसा

मतदाता पंजीकरण के लिए कई विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारी

मतदाता पंजीकरण अभियान को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी दी। जिला पूर्ति अधिकारी को उचित दर की दुकानों पर पंजीकृत राशन कार्डों में दर्ज 18 वर्ष से अधिक आयु के पात्र लाभार्थियों का फार्म-6 के माध्यम से पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

मुख्य चिकित्साधिकारी, उपायुक्त स्वतः रोजगार और जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा एवं एएनएम, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और अन्य छूटे हुए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण कराने को कहा गया। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य आईटीआई, जिला क्रीड़ा अधिकारी और जिला आयुक्त भारत स्काउट को शैक्षणिक संस्थानों में एनएसएस, एनसीसी, स्काउट-गाइड, को-ऑर्डिनेटर और वॉलंटियर के माध्यम से युवाओं तथा महिला मतदाताओं को जागरूक करने की जिम्मेदारी दी गई। जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम पंचायत स्तर पर प्रचार-प्रसार कर छूटे हुए पात्र युवा मतदाताओं के फार्म-6 भरवाने और संबंधित प्रमाण-पत्र समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

पुलिस गश्त और तहसीलों में नई तैनाती (Img: Dynamite News)

ये भी पढ़े: महराजगंज कलेक्ट्रेट में डीएम के औचक निरीक्षण से हड़कंप: DFMO, DMO सहित कई अधिकारी गायब मिले

SP की बाजारों में पैदल गश्त

जनपद में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी मंगलवार को कोतवाली क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त पर निकले। उन्होंने नगर तिराहा, प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुरक्षा संबंधी सुझाव सुने। एसपी ने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों, असामाजिक तत्वों या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली घटनाओं की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

उन्होंने बाजारों में यातायात सुचारु रखने, अनावश्यक अतिक्रमण और सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों को नियमित पैदल गश्त, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और आमजन के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने को कहा गया। गश्त के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

इसी बीच जिले की तहसीलों में भी प्रशासनिक फेरबदल किया गया। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. के आदेश और अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार के अनुमोदन के बाद अरुण कुमार को तहसीलदार सदर, अजीत कुमार को तहसीलदार निचलौल और परमानन्द श्रीवास्तव को तहसीलदार नौतनवा की जिम्मेदारी सौंपी गई।

मयंक मिश्रा को तहसीलदार (न्यायिक) महराजगंज और ऋषभ कुमार सिंह को तहसीलदार (न्यायिक) तहसील सदर बनाया गया है। नायब तहसीलदारों में उदय राज रत्ना को तहसील नौतनवा से नवागत नायब तहसीलदार महराजगंज और सुमित कुमार यादव को तहसील सदर से नवागत नायब तहसीलदार महराजगंज के रूप में तैनाती दी गई है। यह बदलाव तहसीलदारों के गैर जनपद तबादले के बाद रिक्त पदों को भरने के लिए किया गया है।

Location :  Maharajganj

Published :  17 November 2026, 8:31 PM IST