
थाना कोतवाली
महराजगंज: नगर पालिका परिषद क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला के साथ रात के अंधेरे में छेड़खानी और जानलेवा हमला किया गया। पीड़िता की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार मामला नगर पालिका क्षेत्र के एक मोहल्ले का है, जहां एक महिला गर्मी के चलते अपने घर की छत पर सो रही थी। इसी दौरान रात लगभग 12 बजे के आस-पास एक युवक छत पर चढ़ आया और महिला के साथ अश्लील हरकतें करने लगा। महिला ने जब इसका विरोध किया और जोर-जोर से चिल्लाने लगी, तो घर के अन्य सदस्य और आसपास के लोग जाग गए। खुद को घिरता देख आरोपी ने महिला को छत से नीचे धक्का दे दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद घर वालों ने तत्काल गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार महिला को गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने महुअवा निवासी आशीष निषाद के खिलाफ BNS की धारा 75 (2)115 (2), 352 और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना कोतवाली पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि महिलाएं अब अपने ही घर में सुरक्षित नहीं रहीं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने और आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच प्रक्रिया प्रगति पर है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
महराजगंज में क्राइम का बढ़ता ग्राफ थमने का नाम नहींं ले रहा, जो पुलिस, प्रशासन और समाज सभी के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
Location : Maharajganj
Published : 7 June 2025, 2:19 PM IST
Topics : assault Maharajganj Nagar Kotwali Roof woman