Maharaajganj मुख्यविकास अधिकारी ने जनपद के सभी खंड विकास अधिकारीयों का वेतन रोका, जानिए पूरा मामला

सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में खराब प्रदर्शन और बार-बार निर्देश के बावजूद फैमिली आईडी के काम में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर महराजगंज प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। मुख्य विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार सिंह ने जिले के सभी 12 खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) के अगस्त 2026 के वेतन को अग्रिम आदेश तक बाधित कर दिया है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 8 September 2026, 2:02 PM IST

महराजगंज: सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में खराब प्रदर्शन और बार-बार निर्देश के बावजूद फैमिली आईडी के काम में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर महराजगंज प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। मुख्य विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार सिंह ने जिले के सभी 12 खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) के अगस्त 2026 के वेतन को अग्रिम आदेश तक बाधित कर दिया है। सीडीओ की इस कार्रवाई से विकास खंडों में हड़कंप मच गया है।

मामला सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत फैमिली आईडी के सृजन से जुड़ा है। जुलाई 2026 में फैमिली आईडी के सृजन के मामले में महराजगंज को सी ग्रेड मिला था। इसमें फैमिली आईडी के कुल सृजन के साथ-साथ प्रत्येक आईडी में परिवार के सदस्यों की संख्या को भी महत्वपूर्ण आधार बनाया जा रहा है।

जिले की रैंकिंग सुधारने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे थे। 14 अगस्त 2026 को सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक में फैमिली आईडी का सृजन बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इसके बाद 20 अगस्त 2026 को जिलाधिकारी की समीक्षा बैठक में भी चार सदस्यों से कम वाली फैमिली आईडी में परिवार के सदस्यों की संख्या बढ़ाने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए।

लेकिन समीक्षा बैठकों में दिए गए निर्देशों के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं आया। पोर्टल पर चार सदस्यों से कम वाली 50,110 फैमिली आईडी दर्ज हैं, लेकिन इन मामलों में कोई प्रगति नहीं हुई। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है।
लगातार निर्देशों के बावजूद काम आगे नहीं बढ़ने पर सीडीओ महेन्द्र कुमार सिंह ने सभी बीडीओ के खिलाफ वेतन रोकने की कार्रवाई की। आदेश में कहा गया है कि अधोहस्ताक्षरी और जिलाधिकारी द्वारा बार-बार निर्देश दिए जाने के बाद भी प्रगति नहीं की गई। इसी के चलते सभी खंड विकास अधिकारियों का अगस्त 2026 का वेतन अग्रिम आदेशों तक बाधित किया जाता है।

अब वेतन रोकने की कार्रवाई के बाद विकास खंड स्तर पर जिम्मेदार अधिकारियों पर काम का दबाव बढ़ गया है। प्रशासन का फोकस 50 हजार से अधिक ऐसी फैमिली आईडी में परिवार के सदस्यों की संख्या को दुरुस्त कराने और सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में सुधार लाने पर है।

साफ है कि सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में लापरवाही अब अधिकारियों के लिए भारी पड़ने लगी है। महराजगंज प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद देखना होगा कि 50,110 फैमिली आईडी में सुधार का काम कितनी तेजी से जमीन पर उतरता है।

Location :  Maharajganj

Published :  8 September 2026, 2:02 PM IST