सुबह-सुबह हुआ ऐसा हादसा कि थम गईं सांसें! एक झटके में चली गई बेजुबान की जान, आखिर क्या है पूरा मामला?

महराजगंज के बैठवलिया गांव में सोमवार सुबह एक ऐसा हादसा हुआ जिसने ग्रामीणों को हिला दिया। चराने ले जाई जा रही एक भैंस अचानक करंट की चपेट में आ गई और कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है।

Post Published By: Komal Pandey
Updated : 15 June 2026, 5:04 PM IST

Maharajganj: थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बैठवलिया में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में विद्युत पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिली। पीड़ित पशुपालक ने मामले की जांच कर उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।

कब और कैसे हुई घटना?

जानकारी के अनुसार भारत-नेपाल सीमा के निकट स्थित मिश्रौवलिया गांव निवासी नंदलाल यादव सोमवार सुबह करीब पांच बजे अपनी भैंसों को चराने के लिए नहर पटरी की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम सभा बैठवलिया में स्थित एक हाईटेंशन विद्युत पोल में अचानक करंट उतर आया। वहां से गुजर रही उनकी एक भैंस पोल के संपर्क में आ गई और तेज करंट लगने से जमीन पर गिर पड़ी।

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग को दी सूचना

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट लगते ही भैंस तड़पने लगी और कुछ ही क्षणों में उसकी मौत हो गई। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई। बिजली कटने के बाद ही मृत भैंस को पोल के पास से हटाया जा सका।

बिस्कुट-टॉफी की दुकान को निशाना बनाने वाले शातिरों पर शिकंजा, ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे

पशुपालक को हुआ भारी आर्थिक नुकसान

भैंस की मौत से पशुपालक नंदलाल यादव को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि भैंस परिवार की आय का प्रमुख साधन थी और उसके दूध की बिक्री से परिवार का खर्च चलता था। अचानक हुई इस घटना से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन और विद्युत विभाग से उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर समय-समय पर विद्युत लाइनों और पोलों की जांच होती तो इस तरह की घटना नहीं होती। ग्रामीणों ने क्षेत्र में विद्युत पोलों और तारों की सुरक्षा जांच कराने की मांग भी की है।

60 रुपये बनाम 350 रुपये: मुंबई के शख्स ने अर्बन कंपनी के बजाय लोकल नाई से कटवाए बाल, पोस्ट हुई वायरल

क्या बोला बिजली विभाग?

इस संबंध में विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर श्यामसुंदर ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। घटना की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

Location :  Maharajganj

Published :  15 June 2026, 4:32 PM IST