हाई प्रोफाइल पार्टियों में ड्रग्स, कई बड़े नाम, UP STF ने आगरा में तोड़ी तस्करों की कमर; करोड़ों का माल बरामद

उत्तर प्रदेश STF ने आगरा में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 1.22 करोड़ रुपये कीमत की OG गांजा और MDMA ड्रग्स बरामद की है। इस मामले में महिला समेत चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। STF की पूछताछ में दिल्ली, हरियाणा और पानीपत तक फैले ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 28 May 2026, 5:21 PM IST

Agra: उत्तर प्रदेश STF ने आगरा में नशे के कारोबार पर बड़ा वार करते हुए ऐसे ड्रग्स गैंग का पर्दाफाश किया है। यह दिल्ली और हरियाणा से हाई प्रोफाइल पार्टियों तक नशीले पदार्थ पहुंचाता था। STF की इस कार्रवाई में 1.0645 किलोग्राम OG गांजा और 147 ग्राम MDMA बरामद किया गया है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 22 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। STF की कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

STF को लंबे समय से मिल रही थी सूचना

STF आगरा यूनिट को कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि कुछ तस्कर दिल्ली और आसपास के इलाकों से महंगे नशीले पदार्थ लाकर आगरा समेत आसपास के जिलों में सप्लाई कर रहे हैं। इसी सूचना पर STF ने निगरानी शुरू की और थाना सिकंदरा क्षेत्र के नवीन गौतम के मकान पर छापेमारी कर दी। कार्रवाई के दौरान चारों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पकड़े गए आरोपियों में जितेंद्र प्रजापति उर्फ जीतू, प्रेम कुमार प्रजापति, बदल शर्मा और एक महिला नन्हीं देवी शामिल हैं। सभी आरोपी आगरा के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। STF ने इनके पास से OG गांजा, MDMA, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है।

ताजमहल दौरे के दौरान अचानक क्यों रोका गया पर्यटकों का प्रवेश? अमेरिकी विदेश मंत्री के आगमन से आगरा में मचा हड़कंप

पूछताछ में हुए बड़े खुलासे

STF की पूछताछ में आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। मुख्य आरोपी जितेंद्र प्रजापति ने बताया कि उसकी मां नन्हीं देवी पिछले कई सालों से दिल्ली और पानीपत से गांजा और अन्य नशीले पदार्थ लाकर सप्लाई करती थी। बाद में उसने भी इस धंधे में कदम रख दिया। आरोपी ने बताया कि OG गांजा कैलिफोर्निया से आता था और इसे सीलबंद पैकेटों में सप्लाई किया जाता था। यह ड्रग्स खासतौर पर अमीर युवाओं और पार्टी सर्किल में खपाई जाती थी।

दिल्ली-हरियाणा तक फैला नेटवर्क

पूछताछ में यह भी सामने आया कि गैंग दिल्ली, हरियाणा और पानीपत से नशे की खेप मंगवाता था। फिर आगरा और आसपास के इलाकों में सप्लाई की जाती थी। STF अब इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही गिरोह से जुड़े और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।

NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

STF की कार्रवाई के बाद थाना सिकंदरा में आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार तस्करों के बैंक खातों, मोबाइल कॉल डिटेल और नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

Location :  Agra

Published :  28 May 2026, 5:12 PM IST