Shiva Sharma Case: श्रद्धा दुबे समेत तीन आरोपियों पर वारंट, नेपाल सीमा पर पुलिस की दबिश अब तेज

Lucknow Shiva Sharma Murder Case: श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और चालक दानिश के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ है। पुलिस नेपाल सीमा पर तलाश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 11 बाहरी चोटों का जिक्र है। जानिए मामले का पूरा अपडेट और जांच की स्थिति।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 October 2026, 10:32 AM IST

Lucknow: लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। कोर्ट ने मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक तनवीर अली उर्फ दानिश के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है।

हजरतगंज पुलिस ने तीनों की गिरफ्तारी के लिए अदालत में अर्जी दी थी। अब पुलिस उनकी तलाश में नेपाल सीमा के आसपास दबिश दे रही है। बहराइच पुलिस और नेपाल की संबंधित एजेंसियों से भी संपर्क साधा जा रहा है।

नेपाल में छिपे होने की आशंका, कई टीमें तलाश में जुटीं

हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के मुताबिक, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में आरोपियों के खिलाफ कई अहम साक्ष्य मिले हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस को आरोपियों के नेपाल में होने की जानकारी मिली है। उनकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं और संबंधित एजेंसियों से मदद ली जा रही है।

श्रद्धा दुबे vs शिवा की मां: एक ने बताया सुसाइड, दूसरी ने लगाए हत्या के आरोप, दोनों के बयान में उलझी मिस्ट्री

चौथी मंजिल से गिरने के बाद हुई थी शिवा की मौत

यह मामला 9 अक्टूबर 2026 का है। उस दिन हजरतगंज क्षेत्र में बालू अड्डा के पास स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद शिवा की मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और अन्य लोगों पर मारपीट, प्रताड़ना और बेटे को अपार्टमेंट से नीचे फेंकने का आरोप लगाया था। परिवार की शिकायत पर हजरतगंज थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 11 बाहरी चोटों का जिक्र

जांच के दौरान शिवा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर 11 बाहरी चोटों का उल्लेख सामने आया। रिपोर्ट में दोनों फेफड़ों के फटने और लिवर तथा तिल्ली को नुकसान पहुंचने की बात भी दर्ज बताई गई है। पुलिस इन चिकित्सकीय निष्कर्षों के साथ दूसरे साक्ष्यों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। हालांकि, आरोपों और घटना की पूरी परिस्थितियों पर अंतिम निष्कर्ष जांच तथा न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।

नेपाल जाने का वीडियो वायरल, पुष्टि बाकी

शिवा की मौत के बाद श्रद्धा दुबे का नेपाल में रिक्शे पर जाते हुए एक वीडियो सामने आने का दावा किया गया है। वीडियो में उसके साथ कुछ अन्य लोगों के होने की बात भी कही जा रही है। इसके अलावा शिवा का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह पैसे लौटाने की बात करता सुनाई देता है। दूसरी ओर से महिला की आवाज को सोशल मीडिया पर श्रद्धा दुबे का बताया गया, लेकिन वीडियो में दिखने वाले लोगों और आवाज की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

‘मैं पुलिस को सब सच बताउंगी’- वीडियो जारी कर बोली फरार श्रद्धा दुबे, शिवा की मौत को बताया सुसाइड

मां की डायरी भी जांच का हिस्सा

शिवा की मां रंजना शर्मा ने पुलिस को एक डायरी सौंपी थी। उनका कहना है कि शिवा अपने साथ होने वाली घटनाओं को उसमें लिखता था। पुलिस डायरी में दर्ज बातों का अन्य साक्ष्यों से मिलान कर रही है। गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद अब तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए अहम है। नेपाल में उनकी तलाश के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय जारी है।

Location :  Lucknow

Published :  17 October 2026, 10:32 AM IST